पंजाब के डीजीपी ने शहीद एएसआई जोगा सिंह को दी श्रद्धांजलि, परिवार को हरसंभव मदद का वादा

Newspoint

जालंधर, 30 मई (आईएएनएस)। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने शनिवार को कर्तव्य पर तैनात रहते हुए शहीद हुए एएसआई जोगा सिंह को श्रद्धांजलि दी। डीजीपी के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल से जारी पोस्ट में बताया गया कि पुलिस महानिदेशक ने बटाला पुलिस के शहीद एएसआई जोगा सिंह के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की।

पोस्ट में लिखा, "डीजीपी गौरव यादव बटाला पुलिस के शहीद एएसआई जोगा सिंह के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।"

Hero Image

उन्होंने कहा कि एएसआई जोगा सिंह ने कर्तव्य निभाते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। प्रशासन ने उनके साहस, समर्पण और निस्वार्थ सेवा की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पंजाब पुलिस की सर्वोच्च परंपराओं को चरितार्थ किया। उनके बलिदान को हमेशा गर्व और सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

डीजीपी ने परिवार को आश्वासन दिया कि पंजाब पुलिस इस कठिन समय में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। परिवार को हर तरह की सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाएगा। साथ ही, इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपियों को जल्द ही कानून के कटघरे में लाया जाएगा।

पंजाब पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपने जवानों पर हुए किसी भी हमले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहीद एएसआई जोगा सिंह की मौत के मामले में जांच चल रही है और अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

शहीद जोगा सिंह पंजाब पुलिस में लंबे समय से सेवा दे रहे थे। उनकी शहादत ने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर दिया है। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीद की याद में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की।

प्रशासन ने शहीद के परिवार को आर्थिक सहायता, नौकरी और अन्य सरकारी लाभ उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है।

शहीद की पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों को हरसंभव मदद मुहैया कराई जाएगी ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।

--आईएएनएस

एससीएच/पीएम