महिलाओं से जुड़े कंटेंट विवाद पर राष्ट्रीय महिला आयोग सख्त : प्रणीत मोरे, हिमांशु जांगड़ा और मधुर विरली को भेजा समन
नई दिल्ली, 22 जून (आईएएनएस)। स्टैंड-अप कॉमेडी और सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर चल रहा विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। महिलाओं से जुड़े कथित आपत्तिजनक कंटेंट और टिप्पणियों के मामलों में राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने कमीडियन प्रणीत मोरे, हिमांशु जांगड़ा और मधुर विरली को समन जारी किया है।
आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इन मामलों की सुनवाई सोमवार, 22 जून 2026 को शाम 4 बजे नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय महिला आयोग के कार्यालय में होनी है।
यह विवाद अलग-अलग स्टैंड-अप शो और उनके वायरल वीडियो से जुड़ा है, जिनमें महिलाओं से संबंधित टिप्पणियों को लेकर लोगों ने आपत्ति जताई है।
कमीडियन प्रणीत मोरे से जुड़े विवाद की बात करें, तो उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने शो के दौरान स्थिति को उचित तरीके से नियंत्रित नहीं किया। वायरल वीडियो सामने आने के बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी। उन्होंने स्वीकार किया था कि उस समय उन्हें बेहतर निर्णय लेना चाहिए था, लेकिन वे माहौल के प्रभाव में आ गए और सही फैसला नहीं ले सके।
इसी विवाद से जुड़े एक अन्य व्यक्ति हिमांशु जांगड़ा हैं, जो प्रणीत मोरे के लाइव शो में दर्शक के रूप में मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने अपने डेटिंग अनुभव का जिक्र करते हुए कहा था कि उन्होंने एक महिला के लिए करीब 370 रुपये चिकन बिरयानी पर खर्च किए थे। बाद में उनकी आगे की गई टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया।
जांगड़ा की इस टिप्पणी पर सोशल मीडिया में भारी आलोचना हुई। विवाद बढ़ने के बाद स्टारविक डिजाइन कंपनी ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें नौकरी से निकाल दिया।