गंगोत्री से गंगासागर तक योग यात्रा, पटना के एनआईटी घाट पर लोगों ने एक साथ किया योगाभ्यास

Newspoint

पटना, 18 जून (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले पटना के एनआईटी घाट पर 'गंगोत्री से गंगा सागर' पहल के तहत एक विशाल योग शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, सरकारी अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

Hero Image

यह कार्यक्रम आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें बिहार सरकार का भी सहयोग रहा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बिहार स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव वैभव चौधरी और भाजपा विधायक संजय गुप्ता उपस्थित रहे। दोनों ने योग के महत्व और इसके सामाजिक प्रभाव पर अपने विचार व्यक्त किए।

भाजपा विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि 'गंगोत्री से गंगा सागर' तक योग अभियान पूरे भारत में चलाया जा रहा है, जिसे आयुष मंत्रालय के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रत्येक वर्ष 21 जून को मनाया जाता है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वैश्विक स्तर पर पहचान बना चुका है।

उन्होंने योग को स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन का आधार बताया और कहा कि योग के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन में बड़े लक्ष्यों को हासिल कर सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि गंगा किनारे योग आयोजन का एक महत्वपूर्ण संदेश यह भी है कि लोगों को गंगा नदी की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि गंगा को गंगा मैया कहा जाता है और इसे स्वच्छ रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में एक हजार से अधिक युवाओं की भागीदारी रही, जिन्होंने योग के साथ-साथ गंगा संरक्षण का संकल्प भी लिया।