'इस यात्रा ने हमारी साझेदारी को और मजबूत किया', पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गर्मजोशी के लिए जताया आभार
मेलबर्न, 10 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रेलिया का दौरा पूरा कर न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया के सफल दौरे पर पीएम मोदी ने अपने समकक्ष प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज, ऑस्ट्रेलियाई सरकार और जनता का आभार जताया। पीएम ने यह भी कहा कि इस यात्रा ने हमारी साझेदारी को और मजबूत किया है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मेरी ऑस्ट्रेलिया यात्रा समाप्त हुई, मैं ऑस्ट्रेलिया की सरकार और लोगों के साथ-साथ प्रधानमंत्री अल्बनीज को उनकी गर्मजोशी के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। इस यात्रा के परिणामों ने हमारी साझेदारी को और मजबूत किया है और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते खोले हैं। आने वाले समय में इस गति से हमारे देश और पूरी दुनिया को लाभ होगा।"
इससे पहले पीएम मोदी और प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने सेल्फी भी क्लिक की। पीएम मोदी ने एमएसजी स्टेडियम की तस्वीरें साझा कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "खेल भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी का एक अहम हिस्सा है, जो हमारे लोगों को एक जैसे जुनून और आपसी सम्मान से करीब लाता है।
पीएम अल्बनीज के साथ प्रसिद्ध मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) जाकर बहुत खुशी हुई। ज्यादा खेल आदान-प्रदान, युवाओं का जुड़ाव और सहयोग भारत-ऑस्ट्रेलिया की दोस्ती को और मजबूत कर सकता है।"युवा खिलाड़ियों के साथ मुलाकात की तस्वीरें साझा कर उन्होंने लिखा, "एमसीजी में युवा स्पोर्ट्स टैलेंट को खेलते हुए देखकर बहुत खुशी हुई। बच्चों को क्रिकेट, कबड्डी और ऑस्ट्रेलियन रूल्स फुटबॉल खेलते हुए देखना एक शानदार याद दिलाने वाला अनुभव था कि खेल में लोगों को जोड़ने की एक अनोखी क्षमता होती है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "खेल से जुड़े, संस्कृति से जुड़े, बेहतरीन काम से प्रेरित। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम एंथनी अल्बनीज के साथ ऐतिहासिक एमसीजी का दौरा किया और ऑस्ट्रेलिया के खेल समुदाय से बातचीत की।