जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में 2 आतंकी ढेर; रातभर जंगलों में चली गोलियां

Newspoint

ऊधमपुर: जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच बुधवार देर रात हुई मुठभेड़ में दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है। जंगलों में काफी देर तक दोनों ओर से गोलीबारी हुई, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया। हालांकि, अभी तक मारे गए आतंकियों की पहचान नहीं हो सकी है। सोहन इलाके में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को आतंकियों की मौजूदगी से जुड़ा इनपुट मिला था।

मजालता के जंगलों में संदिग्ध हलचल

Hero Image

पीटीआई भाषा ने सूत्रों के हवाले से बताया कि मजालता के जंगलों में संदिग्ध गतिविधि महसूस होने के बाद सेना ने पुलिस और अर्धसैनिक बलों के साथ मिलकर कार्रवाई शुरू की। सुरक्षाबलों की ओर से गोलीबारी के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। इसके बाद आतंकियों की तलाश और इलाके को सुरक्षित करने के लिए बड़े पैमाने पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

बताया जा रहा है कि बुधवार रात शुरू हुई मुठभेड़ काफी देर तक चली। अभियान के दौरान दो आतंकियों के मारे जाने के बाद भी सुरक्षाबल इलाके में तलाशी अभियान जारी रखे हुए हैं।

घाटी में अलर्ट, बड़े अधिकारियों ने की अभियान की समीक्षा

आतंकियों के खिलाफ यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबल और पुलिस अलर्ट मोड पर हैं। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने हाल ही में सीमावर्ती जिले पुंछ में आतंकवाद विरोधी अभियानों की समीक्षा की थी।

पुंछ पुलिस के मुताबिक, डीजीपी ने जम्मू क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक के साथ जिले में चल रहे अभियानों का जायजा लिया था। समीक्षा के दौरान पाकिस्तान आधारित लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई थी।

5 सितंबर को मारा गया था लश्कर कमांडर

इससे पहले 5 सितंबर को सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के एक कमांडर को मार गिराया था। उसकी पहचान यासिर के रूप में हुई थी। बताया गया था कि वह लश्कर के सुलेमान मूसा ग्रुप से जुड़ा था। हालांकि, उसके बाद उसके संगठन से अलग होकर काम करने की खबरें भी सामने आई थीं, जिसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से यासिर की गतिविधियों पर नजर रख रही थीं। उसके बडगाम के यौसमार्ग इलाके में सक्रिय होने की जानकारी सामने आई थी।

NIA की भी कई ठिकानों पर छापेमारी

आतंकी नेटवर्क के खिलाफ जांच के तहत राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 12 सितंबर को जम्मू-कश्मीर में 10 ठिकानों पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई लश्कर-ए-तैयबा और उसके कथित मददगारों के नेटवर्क से जुड़े मामले में की गई थी। एजेंसी ने कुपवाड़ा, बारामूला, सोपोर और कुलगाम में तलाशी अभियान चलाया था।

NIA के मुताबिक, कार्रवाई का मकसद सीमा पार से संचालित आतंकी साजिशों से जुड़े लोगों और उन्हें कथित तौर पर मदद पहुंचाने वाले नेटवर्क का पता लगाना था। तलाशी के दौरान मामले से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने की बात एजेंसी ने कही थी। बरामद सामग्री की जांच की जा रही है और उसे जांच के दौरान जुटाए गए अन्य सबूतों से मिलाया जा रहा है।

 

The post जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में 2 आतंकी ढेर; रातभर जंगलों में चली गोलियां appeared first on The Lucknow Tribune.