ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज बेंगलुरु में CJP का प्रदर्शन, ध्रुव राठी और अभिजीत दिपके होंगे शामिल
बेंगलुरु: विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) आज 8 अक्टूबर को बेंगलुरु में प्रदर्शन करेगी। फ्रीडम पार्क में होने वाले इस कार्यक्रम में CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके के साथ यूट्यूबर ध्रुव राठी भी शामिल होंगे। ध्रुव राठी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर लोगों से बेंगलुरु और 10 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में पहुंचने की अपील की है।
फ्रीडम पार्क में होगा ‘पीपुल्स ट्रिब्यूनल’
CJP के मुताबिक, प्रदर्शन की शुरुआत सुबह 10:30 बजे फ्रीडम पार्क से होगी। इस दौरान SIR को लेकर ‘पीपुल्स ट्रिब्यूनल’ का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों से ऐसे लोग शामिल होंगे, जो दावा करते हैं कि SIR प्रक्रिया के दौरान उनके नाम कथित तौर पर मतदाता सूची से गलत तरीके से हटाए गए हैं।
इसके बाद अभिजीत दिपके के नेतृत्व में ‘चप्पल प्रदर्शन’ किया जाएगा। रिपोर्टों के मुताबिक, दिपके स्थानीय लोगों से बातचीत भी करेंगे और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर उनके अनुभव सुनेंगे।
प्रकाश राज ने भी लोगों से पहुंचने की अपील की
अभिनेता और कार्यकर्ता प्रकाश राज ने भी सोशल मीडिया के जरिए लोगों से बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में SIR से प्रभावित होने का दावा करने वाले लोगों के अलावा युवा संगठनों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के शामिल होने की बात कही गई है।
प्रकाश राज ने बाद में ध्रुव राठी के कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी भी साझा की। उन्होंने राठी को प्रदर्शन का ‘स्पेशल गेस्ट’ बताया। रिपोर्टों के अनुसार, ऐशे घोष, नेहा बोरा और सौरव दास समेत कई अन्य लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
ध्रुव राठी ने वीडियो जारी कर की अपील
ध्रुव राठी ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में लोगों से लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में जुटने की अपील की। उन्होंने दिल्ली के लोगों से भी 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पहुंचने को कहा।
बेंगलुरु में ध्रुव राठी की यह पहली सार्वजनिक उपस्थिति होगी। CJP इस कार्यक्रम को SIR के खिलाफ चल रहे अपने अभियान को आगे बढ़ाने वाले प्रदर्शन के तौर पर पेश कर रही है।
10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर होगा अगला प्रदर्शन
बेंगलुरु के बाद CJP ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। अभिजीत दिपके के मुताबिक, इस प्रदर्शन में भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी।
इससे पहले CJP ने 2 अक्टूबर को मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन किया था। वहां संगठन की ओर से CEC के इस्तीफे और SIR से जुड़ी विभिन्न मांगें उठाई गई थीं। अब बेंगलुरु के बाद दिल्ली में आंदोलन को आगे बढ़ाने की तैयारी है।
SIR को लेकर विपक्ष के चुनाव आयोग पर आरोप
SIR को लेकर विपक्षी दल भी चुनाव आयोग पर सवाल उठाते रहे हैं। विपक्षी नेताओं का आरोप है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में गड़बड़ियां हुई हैं और बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए हैं। वहीं, चुनाव आयोग ने SIR से जुड़े फैसलों को पूर्ण आयोग द्वारा सर्वसम्मति से लिए जाने की बात कही है।
इसी विवाद के बीच CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया के खिलाफ अपना विरोध जारी रखे हुए है। 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाला प्रदर्शन इस अभियान का अगला चरण होगा।
The post ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज बेंगलुरु में CJP का प्रदर्शन, ध्रुव राठी और अभिजीत दिपके होंगे शामिल appeared first on The Lucknow Tribune.