'मुझे कर लो यूज़…' Blinkit डिलीवरी बॉय ने महिला के साथ की ऐसी गंदी हरकत, इंटरनेट पर फूटा लोगों का गुस्सा

Newspoint

एक महिला ने क्विक कॉमर्स ऐप ब्लिंकिट (Blinkit) से डिलीवरी के दौरान हुए अपने एक बेहद डरावने और बुरे अनुभव को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इस घटना के बाद महिलाओं की सेफ्टी और प्राइवेसी को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित महिला ने पेशेवर सोशल नेटवर्क लिंक्डइन (LinkedIn) पर एक लंबी पोस्ट लिखकर आरोप लगाया कि जब एक डिलीवरी पार्टनर उनके घर एक सेक्शुअल हेल्थ प्रोडक्ट लेकर आया, तो उसने उनके साथ फोन पर बेहद सेक्शुअल और भद्दे कमेंट्स किए।

महिला ने अपनी पोस्ट में बताया कि इस पूरी घटना ने उन्हें अंदर तक हिलाकर रख दिया है। उनकी चिंता और डर इसलिए भी बहुत ज्यादा है क्योंकि सामान डिलीवर करने आए उस शख्स को महिला का सटीक घर का पता मालूम था। महिला की इस पोस्ट के वायरल होते ही अब पूरे देश में महिलाओं की सुरक्षा, डिलीवरी के दौरान कस्टमर की प्राइवेसी और सेक्शुअल हेल्थ प्रोडक्ट्स से जुड़े रूढ़िवादी सामाजिक टैबू पर एक बहुत बड़ी ऑनलाइन बहस छिड़ गई है।

फोन पर पूछा- कहां हो? और फिर घर आकर घूरने लगा

पीड़ित महिला के अनुसार, यह पूरी घटना दोपहर के करीब 1:35 बजे की है। उन्होंने बताया कि वह इस बात से और भी ज्यादा हैरान और परेशान हैं क्योंकि वह पिछले कई सालों से इस ऐप का इस्तेमाल कर रही हैं और उनका अनुभव हमेशा बहुत अच्छा रहा है। लेकिन उस दिन का अनुभव किसी बुरे सपने जैसा था। महिला ने उस दिन ब्लिंकिट ऐप से एक सेक्शुअल वेलनेस प्रोडक्ट ऑर्डर किया था। डिलीवरी पार्टनर ने उनके घर पहुंचने से ठीक पहले उन्हें फोन किया और उनकी लोकेशन पूछी।

उसने कॉल पर पूछा, “मैम, ब्लिंकिट ऑर्डर है, कहां हो आप?” इस पर महिला ने बहुत ही सामान्य तरीके से जवाब दिया, “घर पर हूं भैया, आप आकर बेल बजा देना।” लेकिन कहानी में मोड़ तब आया जब उसने दरवाजा खटखटाया। महिला ने बताया कि जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, डिलीवरी पार्टनर जिस गंदे तरीके से उन्हें ऊपर से नीचे तक घूर रहा था, उसने उन्हें बेहद असहज कर दिया। असहजता के कारण महिला ने जल्दी से अपना पैकेट हाथ में लिया और तुरंत दरवाजा बंद कर दिया।

खुला हुआ था पैकेट और फिर आया वो डरावना फोन

दरवाजा बंद करने के कुछ ही देर बाद जब महिला ने सामान देखा, तो वह दंग रह गईं। पैकेज ठीक तरीके से सील नहीं किया गया था और वह खुला हुआ था। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं या कंपनी से इसकी शिकायत कर पातीं, उनके फोन की घंटी बजी। यह उसी डिलीवरी पार्टनर का फोन था जो अभी-अभी उनके दरवाजे से गया था।

उनकी लिंक्डइन पोस्ट के मुताबिक, फोन उठाते ही डिलीवरी बॉय ने सबसे पहले पूछा, “मैम, ये क्या चीज़ है?” महिला ने कड़े लहजे में जवाब दिया, “कुछ भी हो, आपको उससे क्या मतलब?” महिला का यह जवाब सुनते ही डिलीवरी पार्टनर अपनी औकात पर आ गया और उसने बेहद घटिया बात कह दी। महिला ने दावा किया कि डिलीवरी पार्टनर ने आगे कहा, “ये सब क्यों यूज़ कर रही हो मैम, मुझे कर लो यूज़.. बहुत मज़ा दूंगा।”

धमकी मिलने पर मांगने लगा माफी

महिला ने अपनी पोस्ट में लिखा कि डिलीवरी बॉय के मुंह से ये अश्लील शब्द सुनते ही वह पूरी तरह से सुन्न पड़ गईं। उनका दिमाग काम करना बंद कर चुका था। उन्होंने बताया कि इस पूरी स्थिति में जो बात सबसे ज्यादा डरावनी और परेशान करने वाली थी, वो ये अहसास था कि इतनी गंदी और अश्लील टिप्पणी करने वाले उस अनजान व्यक्ति को उनके घर का सटीक पता (Address) अच्छी तरह मालूम था।

जब महिला ने खुद को संभालते हुए उसे तुरंत पुलिस और कंपनी में रिपोर्ट करने की सख्त धमकी दी, तो डिलीवरी पार्टनर का हौसला पस्त हो गया और वह फोन पर ही माफी मांगने लगा। हालांकि, महिला का कहना है कि उस शख्स की एक साधारण सी माफी उस खौफ, मानसिक तनाव और बेचैनी को कभी कम नहीं कर सकती जो वह उस पल में और उसके बाद से लगातार महसूस कर रही हैं।

कस्टमर सपोर्ट ने दिया भरोसा, पर महिला ने उठाए बड़े सवाल

इस घटना के तुरंत बाद महिला ने कंपनी से संपर्क किया। महिला ने बताया कि ब्लिंकिट के कस्टमर सर्विस प्रतिनिधियों ने उनकी इस गंभीर शिकायत को तुरंत दर्ज किया और उन्हें पूरा आश्वासन दिया कि इस मामले में सख्त कदम उठाए जाएंगे। हालांकि, इसके बावजूद महिला ने अपनी पोस्ट के जरिए समाज और कंपनी के सामने कई कड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

उन्होंने सीधे तौर पर सवाल उठाया कि ऐसी असुरक्षित परिस्थितियों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए आखिर क्या ठोस उपाय किए गए हैं? इसके साथ ही उन्होंने पूछा कि इतने संवेदनशील (Sensitive) और पर्सनल ऑर्डर्स को बिना ठीक से सील किए या खुला हुआ क्यों भेजा गया? उन्होंने सीधे ब्लिंकिट कंपनी को टैग करते हुए पूछा कि उस डिलीवरी पार्टनर के खिलाफ अब तक क्या कानूनी कार्रवाई की गई है और वह पैकेज पहली बार में खुला हुआ क्यों था?

तस्वीरें शेयर कर दिखाए सबूत

अपनी बात को मजबूती से सामने रखने के लिए महिला ने लिंक्डइन पोस्ट के साथ घटना से जुड़े दो अहम सबूत भी शेयर किए हैं। पहली तस्वीर में वो डिलीवरी पैकेज दिखाई दे रहा है जो आंशिक रूप से खुला हुआ था, जिसके अंदर रखा प्रोडक्ट साफ नजर आ रहा था क्योंकि पेपर बैग को सील नहीं किया गया था। वहीं दूसरी तस्वीर में ब्लिंकिट कस्टमर सपोर्ट के साथ हुई उनकी बातचीत का चैट स्क्रीनशॉट है, जिससे साफ होता है कि उन्होंने तुरंत इस मामले को कंपनी के सामने उठाया था।

सोशल मीडिया पर फूटा इंटरनेट यूजर्स का गुस्सा

जैसे ही यह पोस्ट सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हुई, कमेंट सेक्शन में लोगों का गुस्सा और चिंता बाढ़ की तरह उमड़ पड़ी। इंटरनेट यूजर्स ने इस सुरक्षा चूक को लेकर भारी नाराजगी जाहिर की है।

एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा:

“यह वाकई में बहुत भयावह है और मुझे बेहद दुख है कि आपको इस तरह के बुरे अनुभव से गुजरना पड़ा। किसी भी महिला को अपने ही घर पर पूरी तरह से लीगल प्रोडक्ट ऑर्डर करने के बाद असुरक्षित, अपमानित या इस तरह से सेक्शुअलाइज्ड महसूस नहीं होना चाहिए। कंपनियों को इस पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।”

वहीं एक अन्य यूजर ने चिंता जताते हुए लिखा, “यह बहुत ज्यादा परेशान करने वाला और डराने वाला वाकया है। यह दुनिया हर बीतते दिन के साथ महिलाओं के सांस लेने के लिए भी असुरक्षित होती जा रही है।” एक तीसरे व्यक्ति ने लिखा, “इस पूरी घटना में सबसे परेशान करने वाली बात यह है कि कैसे एक बहुत ही सामान्य और रोजाना जैसी डिलीवरी की बातचीत अचानक से इतनी बड़ी सुरक्षा की चिंता में बदल गई। वह भी तब, जब आपको पता हो कि उस घटिया सोच वाले इंसान को आपका घर पता है।”

Hero Image