क्या स्मार्टफोन बन रहा है आपकी आंखों और स्वास्थ्य का दुश्मन, जानिए विशेषज्ञों की राय

आजकल लगभग हर किसी के पास स्मार्टफोन होता है। घर में बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन बच्चों द्वारा अत्यधिक स्मार्टफोन उपयोग के कारण उनकी आंखों में समस्याएं बढ़ने लगी हैं। क्या आप जानते हैं कि स्मार्टफोन का सुरक्षित इस्तेमाल कितने समय तक करना चाहिए? आज हम इसी पर चर्चा करेंगे।
Hero Image


भारत में मोबाइल उपयोगकर्ताओं की संख्या

प्यू रिसर्च के एक सर्वे के अनुसार, भारत में केवल 24% लोगों के पास स्मार्टफोन है, जबकि 40% लोग साधारण मोबाइल फोन का उपयोग करते हैं। संचार एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने जानकारी दी थी कि 31 अक्टूबर 2024 तक देश के 6,44,131 गांवों में से लगभग 6,23,622 गांवों में मोबाइल कवरेज हो चुका है। वहीं, मोबाइल उपभोक्ताओं की कुल संख्या 115.12 करोड़ तक पहुंच गई है।


स्मार्टफोन का उपयोग: सही समय सीमा क्या होनी चाहिए?

विशेषज्ञों का मानना है कि मोबाइल फोन का उपयोग दिनभर में 2 घंटे से अधिक नहीं करना चाहिए। इससे ज्यादा समय तक इस्तेमाल करने से आंखों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। साथ ही, स्मार्टफोन को आंखों से कम से कम 18 इंच की दूरी पर रखना चाहिए। यह दूरी कम होने पर मायोपिया या आईस्ट्रेन जैसी समस्याएं होने का खतरा बढ़ जाता है।


स्वास्थ्य पर मोबाइल का प्रभाव

स्मार्टफोन का अधिक उपयोग न केवल आंखों बल्कि पूरे स्वास्थ्य पर असर डाल सकता है। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के कैंसर विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुशील गौर के अनुसार, “मोबाइल से निकलने वाला रेडिएशन लंबे समय तक संपर्क में रहने पर कैंसर का खतरा पैदा कर सकता है। शोध में यह भी देखा जा रहा है कि रात को मोबाइल पास रखकर सोने से रेडिएशन के प्रभाव से कैंसर होने की संभावना हो सकती है। हालांकि इस पर अभी ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं, लेकिन सावधानी बरतना जरूरी है।”

स्मार्टफोन का उपयोग करते समय समय सीमा और उचित दूरी का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। स्वस्थ जीवन के लिए इन निर्देशों का पालन करें और आंखों व स्वास्थ्य को सुरक्षित रखें।