स्वीडन के गांव का अजीब नाम, ग्रामीणों की बढ़ी शर्मिंदगी
आपने अक्सर सुना होगा कि 'नाम में क्या रखा है?' लेकिन जब नाम ही ऐसा हो कि उसे बोलने में शर्म आए, तो उसे बदलने का विचार ही बेहतर होता है। स्वीडन के एक गांव में लोग अपने गांव के नाम को लेकर काफी शर्मिंदा हैं। उन्हें अपने गांव का नाम किसी को बताने में हिचकिचाहट होती है, क्योंकि यह नाम अश्लीलता से जुड़ा हुआ है।
गांव का नाम बोलने में आती है शर्म
हम जिस गांव की चर्चा कर रहे हैं, वह स्वीडन का Fucke गांव है। इस गांव का नाम अंग्रेजी की एक गाली से मिलता-जुलता है, जिसका हिंदी में अर्थ शारीरिक संबंध बनाने से संबंधित होता है। गांव के निवासियों का कहना है कि इस नाम के कारण उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। यहां तक कि वे सोशल मीडिया पर भी अपने गांव का नाम नहीं लिख सकते हैं, क्योंकि सोशल मीडिया सेंसरशिप इसे अनुमति नहीं देती।
गांव के नाम से परेशान होकर स्थानीय निवासियों ने एक अभियान शुरू किया है। उन्होंने अपने गांव का नाम बदलकर Dalsro (शांत घाटी) रखने की मांग की है। हालांकि, यह निर्णय नेशनल लैंड सर्वे विभाग द्वारा लिया जाएगा। इससे पहले, इस विभाग ने Fjuckby गांव का नाम बदलने की मांग को खारिज कर दिया था, यह कहते हुए कि यह एक ऐतिहासिक नाम है। इसी तरह, Fucke नाम भी दशकों से चला आ रहा है और इसे भी बदलने की संभावना कम है।
सोशल मीडिया पर भी नाम की समस्या
एक स्थानीय निवासी ने एक टीवी चैनल को बताया कि उन्हें इस नाम से बहुत शर्मिंदगी होती है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को यह नाम आपत्तिजनक लगता है, जिसके कारण Facebook Algorithms उनके गांव के नाम को हटा देती हैं। इस वजह से वे अपने गांव से संबंधित कोई विज्ञापन भी नहीं डाल पाते हैं।
नेशनल लैंड ट्रस्ट का फैसला
अब इस मामले पर नेशनल लैंड ट्रस्ट स्वीडन के नेशनल हेरिटेज बोर्ड और भाषा एवं लोककथा संस्थान मिलकर कोई निर्णय ले सकते हैं। जानकारी के अनुसार, Fucke गांव में केवल 11 परिवार निवास करते हैं।
क्या आपको कभी किसी अजीब नाम के कारण शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा है?