मीठा भी खाना है और हेल्दी भी चाहिए? तो जरूर ट्राय करें खजूर से बनी ये मजेदार मिठाइयां

खजूर सिर्फ खाने में मीठा नहीं होता, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद होता है। इसमें मौजूद विटामिन-A, B6, K, कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम और प्रोटीन आपकी सेहत को दुरुस्त रखने में मदद करते हैं। अगर आप चीनी की मिठाइयों से परहेज कर रहे हैं लेकिन कुछ मीठा खाने का मन है, तो खजूर से बनी ये 4 टेस्टी मिठाइयां जरूर ट्राय करें। इन्हें बनाना भी आसान है और ये शरीर को एनर्जी भी देती हैं।
Hero Image


1. खजूर के लड्डू


खजूर के लड्डू एक हेल्दी और इंस्टेंट एनर्जी स्नैक हैं। इसे बनाने के लिए बीज निकालकर खजूर को दरदरा पीस लें। अब एक कड़ाही में थोड़ा घी गर्म करें और उसमें कटे हुए काजू, बादाम, पिस्ता और सूखा नारियल भून लें। फिर इसमें खजूर का पेस्ट डालें और अच्छे से मिक्स करें। गैस बंद कर दें और मिश्रण को हल्का ठंडा करके लड्डू बना लें। ये स्वाद में कमाल और सेहत में लाजवाब हैं।

2. तिल और खजूर का केक


अगर आपको केक पसंद है, तो ये हेल्दी खजूर केक जरूर ट्राय करें। एक मिक्सर में खजूर, थोड़ा दूध और थोड़ी सी चीनी मिलाकर पेस्ट बना लें। अब इसमें थोड़ा रिफाइंड तेल, बेकिंग पाउडर, भुना हुआ तिल और कटे बादाम मिलाएं। इस मिश्रण को बेकिंग ट्रे में डालकर 150°C पर 35-40 मिनट तक बेक करें। इसे आप वनीला आइसक्रीम के साथ भी खा सकते हैं।


3. खजूर का हलवा


खजूर का हलवा एक टेस्टी और हेल्दी मिठाई है। 6-7 खजूर को गर्म दूध में भिगोकर मिक्सी में पीस लें। अब एक पैन में घी गर्म करें, सूखे मेवे भूनें और उसमें खजूर का पेस्ट डाल दें। इलायची पाउडर मिलाएं और अच्छे से पकाएं जब तक हलवा कड़ाही छोड़ने लगे। इसे गरमा-गरम परोसें।

4. ओट्स और खजूर की खीर


अगर आप हेल्दी डाइट पर हैं और फिर भी खीर खाना चाहते हैं, तो ओट्स और खजूर की खीर बेस्ट ऑप्शन है। 500ml दूध को उबालें, उसमें कटे हुए खजूर और 2-3 चम्मच भूने ओट्स डालें। 5 मिनट पकाएं, फिर इलायची पाउडर और सूखे गुलाब की पंखुड़ियां डालें। इसे गर्म या ठंडा दोनों तरह से खाया जा सकता है।


तो इस बार कुछ हेल्दी मीठा खाना हो, तो चीनी को भूल जाइए और खजूर से बनी इन मजेदार मिठाइयों को ट्राय कीजिए।