How to Make Imarti: बिना किसी झंझट के घर पर ऐसे बनाएं एकदम परफेक्ट इमरती

इमरती भारत की मशहूर पारंपरिक मिठाइयों में से एक है। कई जगहों पर लोग इसे जानगिरी के नाम से भी जानते हैं। इसका स्वाद और इसे बनाने का तरीका काफी हद तक जलेबी जैसा ही होता है। इमरती की सबसे अच्छी बात यह है कि यह गर्म खाने में जितनी टेस्टी लगती है, ठंडी होने पर भी इसका स्वाद उतना ही लाजवाब रहता है। आज हम आपको घर पर बिल्कुल हलवाई जैसी टेस्टी इमरती बनाने का तरीका बताएंगे। इसे आप बहुत ही आसानी से किसी भी खास मौके पर बना सकते हैं।
Hero Image


इमरती बनाने के लिए जरूरी सामान:


  • 2 कप धुली उड़द दाल (रातभर भिगोई हुई)
  • 3 कप चीनी
  • 1½ कप पानी
  • ½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
  • घी या तेल (तलने के लिए)
  • एक चुटकी केसरिया फूड कलर (आप चाहें तो इस्तेमाल करें)

ये भी पढ़ें: Benefits Of Matcha Tea: ग्रीन-टी से कितनी अलग है माचा चाय? जानें वजन घटाने में यह कैसे है मददगार



बनाने का आसान तरीका:


  1. इमरती बनाने के लिए सबसे पहले भीगी हुई उड़द दाल को अच्छी तरह धो लें। अब इसमें ज्यादा पानी डाले बिना इसे एकदम बारीक पीस लें। इसके बाद इसमें केसरिया फूड कलर मिलाएं और घोल को खूब अच्छी तरह फेंटें, जिससे यह हल्का और फूला हुआ हो जाए। अगर मौसम गर्म है तो इसे 3 से 4 घंटे के लिए ढककर रख दें।
  2. अब एक पैन में चीनी और पानी डालकर चाशनी बनने के लिए रख दें। इसे मीडियम आंच पर पकाएं और लगातार चलाते रहें। जब एक तार की चाशनी तैयार हो जाए, तो इसमें इलायची पाउडर मिला दें।
  3. इसके बाद तैयार किए गए दाल के घोल को इमरती बनाने वाले कपड़े, पाइपिंग बैग या किसी मोटे प्लास्टिक बैग में भर लें और नीचे एक छोटा सा छेद कर दें।
  4. अब कड़ाही में घी या तेल गर्म करें। आंच को मीडियम रखें और हाथ को गोल-गोल घुमाते हुए इमरती का शेप बनाएं। जलेबी के मुकाबले इमरती में थोड़ा ज्यादा घुमाव दिया जाता है और किनारे पर छोटे-छोटे छल्ले बनाए जाते हैं। इसे दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक अच्छी तरह तल लें।
  5. जैसे ही इमरती तल जाए, इसे तुरंत निकालकर गर्म चाशनी में 3 से 4 मिनट के लिए डुबो दें, ताकि यह अंदर तक चाशनी को सोख ले। इसके बाद इसे चाशनी से निकालें और थोड़ी देर रोककर रखें ताकि एक्स्ट्रा चाशनी टपक जाए।
  6. लीजिए, आपकी गरमागरम, कुरकुरी और रसीली इमरती बनकर बिल्कुल तैयार है। आप इसे अपनी पसंद के हिसाब से गर्म या ठंडी, कैसे भी परोस सकते हैं।