Hair Growth के लिए कैसे करें प्याज का इस्तेमाल? जानें असरदार और आसान तरीके

सुंदर और स्वस्थ बाल किसी भी इंसान की खूबसूरती में चार चाँद लगा देते हैं। लेकिन आजकल बहुत से लोग बाल टूटने और समय से पहले सफेद होने की वजह से काफी परेशान रहते हैं। अगर बालों के गिरने पर ध्यान न दिया जाए, तो यह आगे चलकर गंजेपन का कारण भी बन सकता है। इसलिए हेयर फॉल को कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। पुराने समय से ही प्याज को नए बाल उगाने और गिरते बालों को थामने के लिए सबसे अच्छा माना गया है। प्याज का रस या प्याज का तेल बालों को न केवल पोषण देता है बल्कि उन्हें कमजोर होकर टूटने से भी बचाता है।

प्याज का रस है बहुत असरदार

कच्चे प्याज का रस बालों को काला रखने में बहुत मदद करता है। इसे लगाने से बालों का झड़ना काफी हद तक कम हो जाता है। असल में प्याज के अंदर सल्फर की अच्छी मात्रा होती है। यह सल्फर शरीर में कोलेजन बनाने में मदद करता है, जो बालों की सेहत के लिए बहुत जरूरी है। अगर किसी के बाल बहुत ज्यादा पतले हो रहे हैं, तो प्याज का रस उन्हें फिर से मोटा और घना बनाने में मदद कर सकता है।

नए बाल उगाने में मिलती है मदद

बालों की जड़ों यानी हेयर फॉलिकल्स को मजबूती देने के लिए प्याज का रस बहुत अच्छा है। जिन लोगों के सिर पर बाल कम होने लगे हैं, वे प्याज का रस लगा सकते हैं। इससे स्कैल्प पर खून का बहाव तेज होता है जिससे नए बाल उगने की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। इसके अलावा प्याज में ऐसे गुण होते हैं जो सिर की त्वचा पर होने वाले किसी भी तरह के इन्फेक्शन को खत्म कर देते हैं।

डैंड्रफ से पाए छुटकारा

सिर्फ बाल गिरना ही नहीं, बल्कि डैंड्रफ भी एक बड़ी समस्या है। प्याज के रस से सिर की मालिश करने पर रूसी यानी डैंड्रफ धीरे-धीरे खत्म हो जाती है। इसमें एंटीमाइक्रोबियल तत्व होते हैं जो गंदगी और इन्फेक्शन को साफ करते हैं। अगर हफ्ते में 3 से 4 बार इसका सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए, तो बालों की चमक वापस लौट आती है।

प्याज के तेल के फायदे

प्याज के रस की तरह ही प्याज का तेल भी बालों के लिए एक वरदान है। इसमें मौजूद खास एंजाइम्स बालों की लंबाई बढ़ाने में मदद करते हैं। प्याज का तेल लगाने से बाल मुलायम और चमकदार बनते हैं। यह एक प्राकृतिक कंडीशनर की तरह काम करता है जो बालों की नमी को बनाए रखता है। इसके नियमित उपयोग से सफेद हो रहे बाल भी धीरे-धीरे काले होने लगते हैं और स्कैल्प का पीएच लेवल भी ठीक रहता है।

कैसे बनाएँ प्याज का तेल

बाजार से तेल खरीदने के बजाय इसे घर पर शुद्ध तरीके से बनाया जा सकता है। इसके लिए लगभग 200 ग्राम नारियल का तेल लें। इस तेल में एक बड़े साइज का कटा हुआ प्याज डाल दें। अगर चाहें तो इसमें एक कप करी पत्ता भी मिलाया जा सकता है। प्याज को बारीक काटकर या उसका पेस्ट बनाकर गर्म तेल में डाल दें। जब तेल अच्छी तरह उबल जाए और प्याज पक जाए, तो इसे 5 से 10 मिनट तक धीमी आंच पर रखें। ठंडा होने के बाद इसे छानकर एक बोतल में भर लें। इसे शैंपू करने से कम से कम एक घंटा पहले बालों में लगाकर रखें।

रस निकालने का आसान तरीका

प्याज का रस निकालना बहुत ही सरल है। एक प्याज लें और उसे मिक्सी में पीसकर बारीक पेस्ट बना लें। अब इस पेस्ट को किसी साफ़ सूती कपड़े में डालकर निचोड़ लें जिससे सारा रस बाहर आ जाए। अगर कपड़ा न हो तो चाय छानने वाली छन्नी का भी उपयोग किया जा सकता है। इस ताजे रस को उंगलियों की मदद से बालों की जड़ों में लगाएँ। इससे जड़ों को सीधा पोषण मिलता है और बाल मजबूत होते हैं।
Hero Image