'डिप्रेशन का नाटक बंद कर', बेटे की तकलीफ पर पिता ने कही यह बात, भड़की बहन बोली-खुद को कुछ कर लेगा तब सच मानोगे?

Newspoint
कई बार माता-पिता बच्चों की मेंटल हेल्थ से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेते। उनकी यह अनदेखी बच्चों को अंदर तक दुख पहुंचाती है। उन्हें लगने लगता है कि जब उनके अपने माता-पिता ही उनकी तकलीफ नहीं समझ रहे हैं, तो वे किससे अपनी परेशानी साझा करें। ऐसे में कई बार भाई-बहन आगे आकर माता-पिता को समझाने और जागरूक करने की कोशिश करते हैं। इसी प्रयास में वह कई बार पेरेंट्स को गुस्‍से में कुछ कह भी देते हैं। हाल ही में ऐसा ही एक मामला देखने को मिला, जब भाई के डिप्रेशन को नाटक बताने पर बहन पिता पर भड़क गई। उसने कहा कि क्या पिता को उसकी परेशानी तब सच लगेगी, जब वह खुद को कुछ नुकसान पहुंचा लेगा? आइए जानते हैं पूरा मामला और इससे माता-पिता को क्या सीख लेनी चाहिए।
प्रकृति तोमर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें एक शख्स गुमसुम बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। तभी पीछे से आवाज आती है, ‘ये डिप्रेशन-विप्रेशन का नाटक बंद कर और चुपचाप काम पर जा।’ यह सुनकर गुमसुम बैठे लड़के की बहन कहती है, ‘अच्छा, आपको डिप्रेशन सच तब लगेगा, जब ये खुद को कुछ कर लेगा।’
लड़की आगे कहती है, ‘पापा, आपको समझ क्यों नहीं आता कि डिप्रेशन एक बीमारी है। किसी को भी इस तरह रहना अच्छा नहीं लगता। आप समझते क्यों नहीं हैं?’ प्रकृति तोमर ने यह वीडियो खासतौर पर माता-पिता को जागरूक करने के लिए बनाया है। इसके जरिए उन्होंने दिखाने की कोशिश की है कि कई बार माता-पिता बच्चों में होने वाली एंग्जाइटी और डिप्रेशन जैसी समस्याओं को गंभीरता से नहीं समझते।
दरअसल, आज भी कई माता-पिता बच्चों की मानसिक परेशानियों को इसी नजरिए से देखते हैं। उन्हें लगता है कि बच्चे पढ़ाई या नौकरी की जिम्मेदारियों से बचने के लिए बहाने बना रहे हैं या जानबूझकर ऐसा व्यवहार कर रहे हैं। वे अपने समय से आज के हालात की तुलना करते हुए कहते हैं कि उनके जमाने में रोज सुबह टहलने जाने और मेहनत करने से सारी परेशानियां दूर हो जाती थीं।
उनके मुताबिक, पहले के बच्चों को ऐसी कोई समस्या नहीं होती थी, लेकिन आजकल के बच्चे छोटी-छोटी बातों पर नए-नए ड्रामे करने लगे हैं। इसी सोच के चलते वे बच्चों की एंग्जाइटी और डिप्रेशन को बीमारी समझने के बजाय महज बहाना मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन माता-पिता को यह समझने की जरूरत है कि डिप्रेशन कोई बहाना या नाटक नहीं, बल्कि एक गंभीर मानसिक स्वास्थ्य समस्या है।
इससे जूझने वाला व्यक्ति अक्सर चिंता, तनाव और निराशा से घिरा रहता है। कई बार वह खुद को असहाय महसूस करने लगता है और धीरे-धीरे उसका आत्मविश्वास भी कमजोर पड़ने लगता है। इसील‍िए ऐसे वक्‍त में माता-पिता को बच्चे को बहानेबाज या ड्रामेबाज समझने के बजाय उसकी भावनाओं को समझने और ध्यान से सुनने की कोशिश करनी चाहिए। उसे यह भरोसा दिलाना चाहिए कि वह अपनी परेशानियां खुलकर साझा कर सकता है। जरूरत पड़ने पर उसे सही विशेषज्ञ की मदद भी दिलानी चाहिए।​

​
रही बात पहले के समय की बात है, तब भी लोगों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं होती थीं, लेकिन उस दौर में इनके प्रति जागरूकता बहुत कम थी। लोग अक्सर ऐसी परेशानियों के बारे में बात नहीं करते थे और न ही इन्हें बीमारी के तौर पर पहचान पाते थे। इसलिए मामले सामने कम आते थे। समस्‍याएं कल भी थीं और आज भी हैं, बस माता-पिता को यह समझना जरूरी है कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं आज के बच्चों का कोई ड्रामा नहीं हैं। उनकी तकलीफ को समझना, उन्हें भावनात्मक सहारा देना और समय पर मदद दिलाना बेहद जरूरी है।