छोटे बच्चों के मुंह से मौत की बातें सुनना या 'मैं मर जाऊंगा' जैसे शब्द सुनना किसी भी माता-पिता के लिए परेशान करने वाला अनुभव हो सकता है। पेरेंट्स के मन में सवाल उठता है कि आखिर उनका बच्चा अचानक मौत जैसी बातों के बारे में क्यों सोचने लगा है। ऐसा ही एक मामला हाल ही में पीडियाट्रिशियन डॉक्टर सैयद मुजाहिद हुसैन के पास पहुंचा। एक पांच साल के बच्चे के पिता ने बताया कि उनका बेटा बार-बार कहता है कि मुझे मरना नहीं है। उसकी ये बातें सुनकर पिता घबरा गए और डॉक्टर से पूछा कि उसे कैसे संभालें। पिता की परेशानी सुनने के बाद एक्सपर्ट ने इसकी वजह समझाई और बताया कि ऐसी स्थिति में माता-पिता को बच्चे को कैसे संभालना चाहिए।
डॉक्टर सैयद मुजाहिद हुसैन का कहना है कि पिछले सप्ताह उनके पास एक पिता अपने पांच साल के बच्चे को लेकर आए। वह बहुत ज्यादा परेशान लग रहे थे। उनका कहना था, ‘डॉक्टर साहब, मेरा बेटा अचानक मौत के बारे में बातें करने लगा है। वह बार-बार कहता है कि मैं मर जाऊंगा। मुझे मरना नहीं है। वह डर जाता है, घबरा जाता है और रोने लगता है।’
एक्सपर्ट आगे कहते हैं कि पिता ने बताया कि उन्होंने बच्चे को समझाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि यह बहुत सामान्य बात है। सभी को एक दिन मरना है, लेकिन उनकी इस बात से स्थिति और बिगड़ गई। बच्चा और ज्यादा रोने लगा और परेशान हो गया। तो इस मामले से समझते हैं कि क्या बच्चों से मौत के बारे में बात करनी चाहिए, कब करनी चाहिए और कैसे।
साइंस कहती है कि 1984 में चाइल्ड डेवलपमेंट जर्नल में एक मशहूर आर्टिकल छपा था, जिसमें कहा गया था कि ज्यादातर बच्चे पांच से सात साल की उम्र के बीच मौत को समझने लगते हैं। वे समझने लगते हैं कि मौत परमानेंट होती है, इसमें शरीर काम करना बंद कर देता है और यह हम सभी के साथ होने वाला है।
इसीलिए यह समझिए कि आपका बच्चा नेगेटिव नहीं हो रहा है, बल्कि वह बस एक डेवलपमेंट माइलस्टोन तक पहुंच रहा है। समस्या यह है कि पांच साल का बच्चा अभी समय को नहीं समझ सकता। जब वह सुनता है कि सभी मरते हैं, तो वह सोचता है कि यह जल्दी हो सकता है और कभी भी हो सकता है। इसीलिए बच्चे को समझा-बुझाकर या डराकर समझाने की कोशिश न करें।
पेरेंट्स बल्कि उसकी भावनाओं को स्वीकार करें। उसे कहें कि मुझे भी डर महसूस होता है। साथ ही, प्यार से भरोसा दिलाएं कि हर पौधे, जानवर, कुत्ते-बिल्ली या हर किसी को एक दिन मरना ही है। लेकिन ज्यादातर लोग बहुत लंबी उम्र तक जीते हैं, जब तक कि वे बहुत बूढ़े नहीं हो जाते। साथ ही, यह ध्यान रखिए कि बच्चे मौत के बारे में बात करने से नहीं डरते, बल्कि खामोशी से डरते हैं।