'बाबूदाना खिचड़ी' खाई है क्या कभी? हुबहू साबूदाना खिड़की जैसी दिखती, लगती स्वादिष्ट, श्वेता खैरनार ने बताई रेसिपी

Newspoint
Newspoint
साबूदाना खिचड़ी तो आपने व्रत-त्योहारों या नाश्ते में कई बार खाई होगी, लेकिन क्या आपने कभी 'बाबूदाना खिचड़ी' का नाम सुना है? इन दिनों सोशल मीडिया पर डिजिटल क्रिएटर श्वेता खैरनार की बताई एक बेहद अनोखी रेसिपी खूब सुर्खियां बटोर रही है। पहली नजर में यह डिश हुबहू साबूदाना खिचड़ी जैसी ही दिखती है, लेकिन असल में यह सेहत का खजाना है।


श्वेता खैरनार ने खिचड़ी को ज्वार से तैयार किया है और मजेदार अंदाज में इसे 'बाबूदाना खिचड़ी' का नाम दिया है। साबूदाना में जहां काफी स्टार्च और कार्बोहाइड्रेट होता है, वहीं ज्वार का यह विकल्प फाइबर से भरपूर और वजन घटाने के लिए सबसे बेस्ट माना जाता है। तो चलिए जानते हैं इस लाजवाब और पौष्टिक खिचड़ी को बनाने की स्टेप बाय स्टेप आसान रेसिपी।
Newspoint
Hero Image
ज्वार एक मोटा अनाज है, इसलिए इसे पकाने से पहले अच्छी तरह तैयार करना जरूरी है। इस रेसिपी को बनाने के लिए 1 कप साबुत ज्वार लें। इसे साफ पानी से कम से कम 5 से 6 बार अच्छी तरह धो लें ताकि इसकी सारी धूल और गंदगी साफ हो जाए। इसके बाद ज्वार को उबलते हुए गर्म पानी में डालकर कम से कम 2 घंटे के लिए भिगोकर रख दें, जिससे दाने अच्छी तरह फूल जाएं।
Newspoint
जब ज्वार अच्छी तरह फूल जाए, तो उसे पानी समेत प्रेशर कुकर में डालें। ज्वार को पूरी तरह सॉफ्ट करने के लिए कुकर में 7 से 8 सीटी आने तक पकाएं। पकने के बाद ज्वार के दाने हल्के ट्रांसपेरेंट दिखने लगेंगे, जो बिल्कुल साबूदाना जैसा लुक देते हैं। इसके बाद कुकर खोलें और अगर ज्वार में एक्स्ट्रा पानी बचा हो, तो उसे छन्नी की मदद से छानकर अलग कर लें।
Newspoint
इस गरमागरम खिचड़ी का स्वाद दोगुना करने के लिए श्वेता खैरनार ने इसके साथ एक रिफ्रेशिंग रायता परोसने की सलाह दी है। इसके लिए एक बाउल में 3 से 4 कप एकदम ताजा और गाढ़ा दही लें। अब इसमें 2 कद्दूकस किए हुए खीरे, थोड़ा सा भुना जीरा पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। इस रायते को ठंडा होने के लिए फ्रिज में रख दें।
Newspoint
अब मुख्य खिचड़ी बनाने के लिए एक पैन या कढ़ाई में 2 चम्मच तेल डालकर गर्म करें। जब तेल गर्म हो जाए, तो उसमें एक चौथाई चम्मच जीरा डालकर चटकाएं। इसके बाद इसमें 2 चम्मच हरी मिर्च और हरे धनिये का पिसा हुआ पेस्ट डालें। साथ ही, स्वाद को बढ़ाने के लिए भुनी और दरदरी कुटी हुई मूंगफली डालकर सभी चीजों को मीडियम आंच पर 2 से 3 मिनट के लिए अच्छे से भून लें।
Newspoint
तड़का भुन जाने के बाद कड़ाही में आधा कप मैश किया हुआ या क्रश किया हुआ पनीर डालें। पनीर इस डिश में प्रोटीन की मात्रा को बढ़ाता है। पनीर को मसालों के साथ 1 मिनट मिलाने के बाद, इसमें पहले से उबालकर रखी हुई ज्वार को डाल दें। अब ऊपर से स्वादानुसार नमक और चटपटे स्वाद के लिए थोड़ा सा नींबू का रस निचोड़ें।​

Newspoint
सभी सामग्रियों को अच्छी तरह आपस में मिक्स कर लें ताकि ज्वार के दानों में मसालों और नींबू का स्वाद अच्छी तरह समा जाए। इसे ढककर धीमी आंच पर सिर्फ 2 मिनट के लिए पकने दें। आपकी गरमागरम, खिली-खिली 'बाबूदाना यानी ज्वार की खिचड़ी' तैयार है। इसे प्लेट में निकालें और फ्रिज से ठंडा-ठंडा खीरे का रायता निकालकर इसके साथ सर्व करें। डिस्क्लेमर: इस लेख में किए गए दावे इंस्टाग्राम वीडियो और इंटरनेट पर मिली जानकारी पर आधारित हैं। एनबीटी इसकी सत्यता और सटीकता जिम्मेदारी नहीं लेता है।