दिन में 25 बार पॉटी, उल्टियां, 40 दिन की बच्ची की हालत देख डॉ. ने दी चेतावनी, बोले-नवजात को ICU से बचाना है तो...

Newspoint
नवजात शिशु की देखभाल में की गई छोटी-सी लापरवाही भी कई बार भारी पड़ सकती है। हाल ही में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां 40 दिन की बच्ची की हालत अचानक बिगड़ गई। उसे दिन में 20 से 25 बार लूज मोशन हो रहे थे। उल्टियों और बुखार के साथ उसका वजन भी नहीं बढ़ रहा था। बच्ची की यह हालत देखकर परिवार डॉक्टर इमरान पटेल के पास पहुंचा। जांच के दौरान डॉक्टर को पता चला कि परिवार की एक गलती बच्ची की इस हालत की वजह बनी। आखिर क्या थी वह गलती और नवजात की फीडिंग को लेकर डॉक्टर ने क्या सलाह दी? आइए जानते हैं।
पीडियाट्रिशियन डॉक्टर इमरान पटेल ने एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में वह एक नवजात बच्ची की हालत दिखाते हुए कहते हैं कि अगर आप चाहते हैं कि आपका नवजात शिशु आईसीयू में न जाए या उसकी हालत क्रिटिकल न हो, तो यह वीडियो जरूर देखें। डॉक्टर बताते हैं कि 40 दिन की बच्ची रो रही है, लेकिन उसकी आंखों से आंसू नहीं आ रहे हैं। उसकी त्वचा की हालत देखिए, वजन नहीं बढ़ रहा है, उल्टियां हो रही हैं और दिन में 20 से 25 बार लूज मोशन हो रहे हैं।
बच्‍ची को बुखार भी आ रहा है। इसकी वजह यह है कि मां का दूध नहीं आ रहा था, इसलिए बच्ची को थैली का दूध दिया गया। यह दूध तो दिया ही गया, लेकिन उसके साथ-साथ किसी के कहने पर इलायची भी डाली गई और लाल व सफेद पानी भी पिलाया जा रहा था। ऐसा यह कहकर किया जा रहा था कि बच्ची का डाइजेशन अच्छा हो जाएगा।
मैं हमेशा कहता हूं कि पहले छह महीने तक सिर्फ और सिर्फ बच्चे को मां का दूध ही पिलाएं। मां का दूध बच्चे की ग्रोथ, किडनी, लिवर और उसके दूसरे अंगों के लिए सबसे अच्छा है। अगर मां का दूध न हो, तो फॉर्मूला फीड देना चाहिए। उसमें भी हाइजीन का पूरा ध्यान रखना जरूरी है।​

​
अगर आप जरा सी भी गलती करते हैं, तो नवजात बच्चा ज्यादा समय नहीं देता है और सीधा आईसीयू में पहुंच जाता है। इस बच्ची को इन्फेक्शन हो गया है और उसके शरीर में पानी की कमी हो गई है। मैं सभी परिवारों को यह संदेश देना चाहता हूं कि बच्चे को केवल और केवल मां का दूध ही पिलाएं।