कई बार बच्चा प्लान कर रहे कुछ कपल्स को मिसकैरेज का सामना भी करना पड़ जाता है। इसकी वजह से पति-पत्नी दोनों ही बहुत हताश हो जाते हैं। वहीं, जब यह एक से अधिक बार होता है तो यह दर्द और भी बढ़ जाता है। ऐसे में कपल्स कई बार खुद को ही दोषी मानने लगते हैं। ऐसा ही एक मामला हाल ही में फर्टिलिटी एक्सपर्ट डॉक्टर महिमा के सामने आया है। यहां पहुंचा एक कपल तीन बार शुरुआती स्टेज में प्रेग्नेंसी खत्म होने पर खुद को ही जिम्मेदार मानने लगा था। हालांकि, बाद में जब एक्सपर्ट ने जांच की तो पता चला कि एक कंडीशन इसकी वजह थी। आइए जानते हैं पूरा मामला विस्तार से।
फर्टिलिटी एक्सपर्ट डॉक्टर महिमा बताती हैं कि हाल ही में उनके पास एक 31 वर्षीय कपल आया था, जो पिछले पांच साल से शादीशुदा था और तीन साल से प्रेग्नेंसी की कोशिश कर रहा था। इस दौरान महिला तीन बार कंसीव भी किया, लेकिन हर बार प्रेग्नेंसी शुरुआती स्टेज में ही समाप्त हो जाती थी।
वह कहती हैं कि इस केस में पहली बार बायोकेमिकल प्रेग्नेंसी हुई थी, दूसरी बार अल्ट्रासाउंड में बच्चे की हार्टबीट नहीं आई थी। तीसरी बार दसवें हफ्ते में हार्टबीट आ गई, लेकिन बाद में रुक गई। इस स्थिति के बाद कपल को प्रेग्नेंसी टेस्ट पॉजिटिव आने से भी डर लगने लगा था, क्योंकि उनके मन में यह डर बैठ गया था कि कहीं फिर वही न हो जाए और उनका बच्चा इस बार भी न बचे।