'मेरी कोई संतान नहीं है, इसलिए पति दुखी रहते हैं', अनिरुद्धाचार्य के सामने छलका महिला का दर्द, महाराज ने समझाई अहम बात

Newspoint
बच्चा न होना किसी भी महिला के लिए बेहद तकलीफदेह होता है। इस तकलीफ के बीच अगर पति का साथ मिलने के बजाय उनकी नाराजगी और ताने सहने पड़ें, तो दर्द और भी बढ़ जाता है। कुछ ऐसा ही हाल ही में एक महिला के साथ देखने को म‍िला, ज‍ि‍सने भी ऐसी ही पीड़ा अनिरुद्धाचार्य महाराज के सामने बयां की। उन्होंने बताया कि संतान न होने की वजह से उनके पति उनसे दुखी रहते हैं। महिला की बात सुनकर महाराज ने उन्हें क्या जवाब दिया और पति को लेकर क्या सलाह दी, आइए जानते हैं।
अनिरुद्धाचार्य महाराज के सभागार में हाल ही में एक महिला पहुंची। उन्होंने अपनी परेशानी बताते हुए कहा, ‘मैं संतानहीन हूं, इसलिए मेरे पति मुझसे थोड़े दुखी रहते हैं।’ इस पर महाराज ने कहा, ‘हम आपकी संतान हैं, हम आपके बेटे हैं।’ यह सुनकर महिला ने कहा कि वह उनकी बात समझ रही हैं।
महिला ने आगे कहा, ‘मैंने 2021 में आईवीएफ करवाया था और मेरी प्रेग्नेंसी भी हुई थी, लेकिन उस वक्त कोविड का माहौल खराब था और बच्चे की मौत हो गई। कमी मुझमें ही है। अब तो मेरा मेनोपॉज भी हो चुका है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘महाराज, आपने पहले भी मुझे समझाया था कि जिनकी संतान नहीं होती, उनके लिए भगवान कुछ अच्छा ही करते हैं। जैसे मीराबाई की भी संतान नहीं थी। मैं आपकी बात समझती हूं, लेकिन मेरे पति नहीं समझते। इसी वजह से वह मुझसे नाराज भी रहते हैं।’ यह सुनकर महाराज ने कहा, ‘पति को लेकर आओ, उन्हें मैं समझा दूंगा। ’ Image- aniruddhacharyajimaharaj instagram​

​
इस मामले से इतर देखें, तो अक्सर संतान नहीं होने की स्थिति में कपल्स के बीच तनाव और झगड़े देखने को मिलते हैं। कई बार इस स्थिति के लिए पति-पत्नी एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराने लगते हैं, जिससे उनके रिश्ते में दूरियां बढ़ने लगती हैं। ऐसे में जरूरी है कि दोनों एक-दूसरे की भावनाओं को समझें और मुश्किल वक्त में एक-दूसरे का साथ दें।