'3-4 साल तक खराब नहीं होगा गेहूं...ना ही लगेंगे घुन' देहाती फार्म्स से मिला गेहूं को स्टोर करने का सही तरीका

Newspoint
बरसात और बदलते मौसम की नमी के कारण गेहूं को लंबे समय तक स्टोर करना कई लोगों के लिए सिरदर्द बन जाता है। जरा सी लापरवाही से अनाज में घुन, टांका और अन्य कीड़े पनपने लगते हैं, जिससे मेहनत से कमाया गया अनाज खराब हो सकता है। ऐसे में देहाती फार्म्स द्वारा बताया गया यह आसान देसी तरीका बेहद काम का साबित हो सकता है।

बिना किसी भारी खर्च या जटिल प्रक्रिया के, सही बर्तन, नीम की पत्तियों और चूने की मदद से एक ऐसा प्राकृतिक माहौल तैयार किया जा सकता है जो कीड़ों को दूर रखता है। इस विधि को अपनाकर आप गेहूं को 3 से 4 साल तक खराब होने से बचा सकते हैं और उसकी ताजगी व गुणवत्ता को लंबे समय तक बनाए रख सकते हैं।
अनाज को लंबे समय तक सुरक्षित रखने की पहली शर्त सही बर्तन का चुनाव है। एक बड़े और मजबूत प्लास्टिक ड्रम या टंकी का उपयोग करें, जिसका ढक्कन अच्छी तरह बंद हो सके। जब ड्रम पूरी तरह से एयरटाइट रहेगा, तो बाहर की हवा और अतिरिक्त नमी आसानी से अंदर नहीं जा पाती। सही तरीके से बंद किया गया ड्रम अनाज को बाहरी वातावरण के असर से बचाता है और कीड़ों के पनपने की संभावना को काफी कम कर देता है।(फोटो साभार: istock)
इस तरीके में एक जालीदार कपड़े की पोटली बनाकर उसमें नीम की पत्तियां रखें। ध्यान रहे कि पत्तियां पूरी तरह सूखी या एकदम अधिक गीली होने के बजाय हल्की सी नमी वाली रखी जाती हैं। जब यह पोटली बंद ड्रम के अंदर रहती है, तो धीरे-धीरे पत्तियां सूखती हैं और उनकी कड़वाहट वातावरण में फैलती है। जालीदार कपड़ा हवा और कड़वाहट को बाहर निकलने का रास्ता देता है, जबकि पत्तियां एक ही जगह सुरक्षित रहती हैं।(फोटो साभार: istock)
पोटली में नीम की पत्तियों के साथ चूने का एक टुकड़ा या पत्थर रखते है। चूने का मुख्य काम आसपास मौजूद अतिरिक्त नमी को सोख लेना है। नीम की पत्तियों या ड्रम की हवा में जो नमी मौजूद रहती है, उसे चूना सोख लेता है, जिससे चूना धीरे-धीरे पाउडर के रूप में बदल जाता है। नमी सोखने की इस प्रक्रिया से ड्रम के भीतर का माहौल सूखा रहता है और एक खास तरह की गैस बनती है, जो कीड़ों के पनपने के लिए प्रतिकूल होती है।(फोटो साभार: istock)
जब नीम की पत्तियां सूखती हैं, तो उनकी कड़वाहट निकलती है। यदि ड्रम खुला हो या हवा निकलने की जगह हो, तो यह असर बाहर उड़ सकता है। लेकिन ड्रम को अच्छी तरह एयरटाइट बंद कर देने से नीम की कड़वाहट और चूने से बनी स्थिति ड्रम के भीतर ही बनी रहती है। इसी बंद वातावरण के कारण गेहूं में घुन, टांका या अन्य कीड़े पैदा नहीं हो पाते और अनाज सुरक्षित बना रहता है।(फोटो साभार: istock)
इस विधि की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इससे रखा गया गेहूं लंबे समय तक खराब नहीं होता। वीडियो में एक साल पुराने गेहूं को निकालकर दिखाया गया है, जो देखने में बिल्कुल साफ और सुरक्षित लगता है, साथ ही यह भी बताया गया है कि इसी तरह तीन-तीन साल पुराने गेहूं की टंकियां भी सुरक्षित रखी जा सकती हैं। (फोटो साभार: istock)​

​
इस देसी तरीके को अपनाने के लिए किसी जटिल मशीन या भारी खर्च की जरूरत नहीं पड़ती। एक जालीदार कपड़ा, नीम की पत्तियां, चूने का टुकड़ा और एक ढक्कनदार ड्रम—इन साधारण चीजों से कोई भी व्यक्ति आसानी से इस उपाय को आज़मा सकता है। हालांकि, अनाज रखने से पहले ड्रम का पूरी तरह साफ और सूखा होना जरूरी है, ताकि किसी तरह की गंदगी या फफूंदी न पनपे। (फोटो साभार: istock) डिस्क्लेमर: इस लेख में किए गए दावे इंस्टाग्राम वीडियो और इंटरनेट पर मिली जानकारी पर आधारित हैं। एनबीटी इसकी सत्यता और सटीकता जिम्मेदारी नहीं लेता है।