'राज्यपाल का बर्ताव घिनौना', Prakash Raj ने खोली थलपति Vijay को CM नहीं बनने देने के पॉलिटिक्स की पोल

Newspoint
थलपति विजय की TVK (तमिलगा वेत्री कझगम) हाल ही तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। दो साल पुरानी इस पार्टी ने दशकों पुरानी DMK और AIADMK को भी धूल चटा दी। हर तरफ थलपति विजय के नाम का ही डंका बज रहा है, पर इसके बावजूद वह सरकार नहीं बना पा रहे हैं। इससे वह 10 सीटें दूर हैं। बहुमत कम है तो गवर्नर ने थलपति विजय को सरकार बनाने का न्यौता नहीं दिया, जिस पर अब प्रकाश राज भड़क गए हैं। उन्होंने थलपति विजय का खुलकर सपोर्ट किया और गवर्नर पर ही सवाल उठा दिए। साथ ही तमिलनाडु में थलपति विजय के साथ हो रही पॉलिटिक्स पर भी बोले।
Hero Image

विजय की CM की कुर्सी तक पहुंचने में अटके, क्या बोले गवर्नर?
मालूम हो कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में थलपति विजय की TVK पार्टी ने 233 में से 108 सीटें लेकर शानदार जीत हासिल की। इसी के बाद से वहां की जनता उस पल का इंतजार कर रही है, जब पूर्व एक्टर मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए शपथ लेंगे। पर यह राह इतनी आसान नहीं है। थलपति विजय को बहुमत के लिए 10 सीटें कम पड़ रही हैं। उन्हें सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए 118 सीटें चाहिए। बुधवार, 6 मई को जब विजय ने गवर्नर के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया तो यह कहकर लौटा दिया गया था कि सीटें कम हैं, बहुमत नहीं है। अगले दिन विजय फिर गए, पर उन्हें निराशा ही हाथ लगी। इसके बाद से विजय के शपथ लेने में देरी हो रही है, जिस पर जहां पहले कमल हासन बिफरे, वहीं अब प्रकाश राज ने भी गुस्सा निकाला है।

प्रकाश राज ने तमिलनाडु के गवर्नर पर साधा निशाना
प्रकाश राज ने थलपति विजय को बधाई देने और तमिलनाडु के गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर पर निशाना साधने के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। राजेंद्र विश्वनाथ ने विजय को सरकार बनाने का न्यौता देने से पहले 118 विधायकों का समर्थन दिखाने को कहा था। प्रकाश राज ने TVK पार्टी के एक कार्यकर्ता का वीडियो X पर री-शेयर किया, जिसमें थलपति विजय, राज्यपाल के घर से निकलते हुए कैप्चर हुए थे। साथ में प्रकाश राज ने लिखा, 'राज्यपाल का यह बर्ताव घिनौना, अस्वीकार्य और असंवैधानिक है। हमारे बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन विजय को जनादेश मिला है। उन्हें सदन में अपना अधिकार जताने का अधिकार मिलना चाहिए।'




'गवर्नर के घर पर सच्चाई का फैसला नहीं, विजय को दावा पेश करने दो'
प्रकाश राज ने एक और पोस्ट किया, जिसमें लिखा, 'जनता के जनादेश का सम्मान करें और विजय को सरकार बनाने का अपना अधिकार जताने दें।' वहीं, TVK के जीतने के बाद प्रकाश राज ने इस बारे में बात करते हुए 'इंडियाटुडे' से कहा था, 'सबसे पहले हमें जनादेश को स्वीकार करना होगा। गवर्नर के घर पर सच्चाई का फैसला नहीं हो सकता , बल्कि विधानसभा में होता है। गवर्नर को राजभवन में इस मामले का फैसला करने का कोई अधिकार नहीं था। विजय को बहुमत साबित करने दीजिए। सरकार बनाने का दावा पेश करने दीजिए। उनके पास आंकड़े हैं, और वो कह रहे हैं कि मैं बहुमत साबित कर सकता हूं। जनादेश के बावजूद उन्हें आप उनका लोकतांत्रिक अधिकार क्यों नहीं दे रहे हैं?' प्रकाश राज ने यह भी सवाल किया कि आखिर गवर्नर ऐसा क्यों कर रहे हैं और वह कैसे इसी समय पर लंबी छुट्टी पर जा सकते हैं। साथ ही हैरानी जताई कि अभी तक किसी और ने सरकार बनाने का दावा पेश नहीं किया है, फिर भी विजय को रोका जा रहा है।

कमल हासन ने भी विजय का किया सपोर्ट, याद दिलाया था पुराना केस
इससे पहले कमल हासन ने भी थलपति विजय के सपोर्ट में आवाज उठाई थी। उन्होंने विजय के साथ तमिलनाडु में हो रही पॉलिटिक्स पर आवाज बुलंद करते हुए सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले का भी उदाहरण दिया, जो एसआर बोम्मई केस से जुड़ा हुआ था। कमल हासन ने अपने X अकाउंट पर लिखा था, 'श्री विजय के नेतृत्व वाली 'तमिलगा वेट्री कजगम' ने 108 सीटें जीती हैं। उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित न करना, तमिलनाडु की जनता के जनादेश का अपमान करने जैसा होगा। राज्य के 233 चुने हुए सदस्य अभी तक अपनी शपथ नहीं ले पाए हैं। यह राज्य का अपमान है। यह लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाना है। मैं जो कह रहा हूं, वह कोई पार्टी की राजनीति नहीं है। यह एक भारतीय नागरिक की राजनीतिक आवाज है। तमिलनाडु की जनता के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए।'





थलपति विजय बहुमत के लिए कैसे जुटाएंगे आंकड़े?
अब सवाल ये है कि थलपति विजय सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत कैसे जुटाएंगे? विजय ने दो सीटों पर जीत हासिल की, पर एक सीट उन्हें छोड़नी पड़ेगी। इस तरह TVK के पास सिर्फ 107 विधायक बचेंगे। ऐसे में गवर्नर ने विजय से कहा कि वह बहुमत के लिए 117 के बजाय 118 सीटों के साथ आएं, तभी सरकार बनाने का दावा कर सकेंगे। फिलहाल, कांग्रेस के पांच विधायकों ने विजय की TVK को अपना समर्थन दिया है, जिसके बाद आंकड़ा 112 पहुंच गया है। पर अभी भी पेंच फंसा हुआ है, क्योंकि सरकार बनाने के लिए 118 विधायक चाहिए। खबर है कि अब विजय सरकार बनाने के लिए कुछ क्षेत्रीय दलों से बात कर रहे हैं, ताकि उनका समर्थन मिल सके। उधर, ऐसी चर्चा भी चल रही है कि DMK और AIADMK मिलकर सरकार बनाने पर विचार कर रही हैं, जबकि इन्हीं दोनों पार्टियों को विजय की TVK पार्टी ने बुरी तरह धूल चटाई है।

थलपति विजय की वॉर्निंग: सभी 108 TVK विधायक देंगे इस्तीफा!इस बीच थलपति विजय ने वॉर्निंग दी है कि अगर तमिलनाडु में DMK और AIADMK की सरकार बनी, तो उनकी TVK पार्टी के सभी 108 विधायक सामूहिक इस्तीफा दे देंगे। हालांकि, यह चेतावनी विजय की तरफ से आधिकारिक तौर पर नहीं दी गई है, पर सूत्रों से जानकारी मिली है और यह पार्टी के अंदर की बेचैनी और हताशा को साफ दर्शाती है। सरकार बनाने पर पेंच फंसा हुआ है और विजय की पार्टी राज्य में अंकों के गणित के बीच फंसी नजर आ रही है।