अक्सर हमारे घरों में रखे पुराने फर्नीचर के साथ माता-पिता या दादा-दादी की कई अनमोल यादें जुड़ी होती हैं। यही वजह है कि चीजें कितनी भी पुरानी या घिसी-पिटी हो जाएं, उन्हें फेंकने या बेचने का मन नहीं करता। सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर अभिनव यादव ने इसी बात को ध्यान में रखते हुए अपने पापा की 40 साल पुरानी लोहे की अलमारी को एक नया लुक दिया है।
अभिनव ने बहुत ही आसान स्टेप्स में पुरानी अलमारी का ऐसा शानदार मेकओवर किया कि यह कबाड़ से सीधे एक आलीशान शोपीस बन गई। इस गजब के बदलाव को देखकर लोग हैरान हैं। अभिनव का यह टैलेंट देखकर लोग कमेंट्स में उनसे बड़े ही मजेदार सवाल पूछ रहे हैं। वैसे इस अलमारी का ट्रांसफॉर्मेशन आसानी से पुराने फर्नीचर को नया लुक देकर सहेजना सिखाता है।
अभिनव के लिए यह काम सिर्फ किसी पुराने कबाड़ को चमकाना नहीं था, बल्कि इसके साथ उनके पापा की यादें जुड़ी थीं। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "40 साल पुरानी है, लेकिन आज भी इसका लुक बढ़िया है। पापा की यादें भी बची हुई हैं और अलमारी भी." उनका कहना है कि सही रंगों की मदद से किसी भी पुराने फर्नीचर का पूरा लुक बदल सकते हैं। उन्होंने दूसरों से भी कहा कि घर पर रखी पुरानी लोहे की अलमारी के साथ ऐसा काम जरूर करें, आपके माता-पिता को यह बहुत अच्छा लगेगा।
काम की शुरुआत करते हुए अभिनव ने सबसे पहले अलमारी के पुराने और घिसे-पिटे पैरों को एक कटर मशीन की मदद से काटकर अलग कर दिया। इसके बाद, अलमारी को एक नया और मजबूत आधार देने के लिए उन्होंने लकड़ी की पट्टियों का इस्तेमाल किया। इन पट्टियों की मदद से उन्होंने अलमारी का नीचे का हिस्सा और ऊपर का फ्रेम तैयार किया। जिससे अलमारी का आकार पूरी तरह बदल गया।
अलमारी को बाहर से पूरी तरह नया लुक देने के लिए अभिनव ने इसके तीन तरफ HDHMR बोर्ड के टुकड़े लगाए। इन बोर्ड्स को लोहे के ऊपर चिपकाने के लिए उन्होंने खास गोंद का इस्तेमाल किया। साथ ही उन्होंने अलमारी का पुराना हैंडल और ताला हटा दिया। उसकी जगह उन्होंने छिपे हुए मैग्नेट लगा दिए, जिससे अलमारी का लुक एकदम साफ और मॉडर्न हो गया।