भारतीय रसोई में लोहे का तवा सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला बर्तन है। रोज-रोज पराठे, चीला और रोटियां सेकने की वजह से तवे पर तेल और कालिक की एक मोटी और सख्त परत जम जाती है। इस जिद्दी कालेपन को हटाने के लिए अक्सर महिलाएं घंटों स्क्रबर रगड़ती हैं, लेकिन फिर भी तवा पूरी तरह साफ नहीं हो पाता।
आपकी इसी परेशानी को दूर करने के लिए मशहूर शेफ और कंटेंट क्रिएटर पूनम देवनानी ने सस्ता और असरदार घरेलू तरीका बताया है। जिनका कहना है कि इससे तवा चांद जैसा चमक जाएगा। इस ट्रिक से महज एक रुपये का शैम्पू, विनेगर और फिटकरी का एक छोटा सा टुकड़ा मिनटों में तवे की सारी चिकनाई काट देता है।
सबसे पहले काले और जमे हुए चिकनाई वाले लोहे के तवे को गैस स्टोव पर रखें। गैस की आंच को बिल्कुल धीमा रखें। हल्का गर्म होने से तवे पर जमी हुई पुरानी और सख्त चिकनाई की परत ढीली पड़ने लगती है, जिससे आगे की सफाई बेहद आसान हो जाती है। ध्यान रखें कि तवे को बहुत ज्यादा तेज आंच पर न जलाएं, बस हल्का गर्म ही रखें।
जब तवा हल्का गर्म हो जाए, तो उस पर थोड़ा सा सफेद सिरका डालें। इसके तुरंत बाद तवे पर थोड़ा सा शैंपू या बर्तन धोने वाला लिक्विड डिश वॉश और थोड़ा सा पानी डाल दें। विनेगर में मौजूद एसिडिक गुण जमी हुई गंदगी और कालिक को काटने का काम करते हैं, जबकि डिश वॉश चिकनाई को पिघलाकर बाहर निकालने में मदद करता है।
इस मिश्रण को और भी ज्यादा असरदार बनाने के लिए तवे पर फिटकरी का एक छोटा सा टुकड़ा डाल दें। फिटकरी एक बेहतरीन प्राकृतिक क्लीनर मानी जाती है, जो जिद्दी से जिद्दी दाग और जले हुए निशानों को साफ करने में मदद करती है। हल्की आंच पर इन सभी चीजों के मिलने से तवे पर एक क्लीनिंग रिएक्शन शुरू हो जाता है, जिससे जमी हुई परत फूलने लगती है।
जब यह मिश्रण तवे पर थोड़ा काम करना शुरू कर दे, तो गैस बंद कर दें या सावधानी बरतते हुए एक स्टील के स्क्रबर की मदद से तवे को हल्के हाथों से रगड़ें। आप देखेंगे कि बिना ज्यादा जोर लगाए ही तवे पर सालों से जमा हुआ कालापन और जली हुई परत धीरे-धीरे छूटने लगेगी। किनारों पर जमी चिकनाई को भी स्क्रबर से अच्छी तरह साफ कर लें।
जब तवे का सारा कालापन और गंदगी पूरी तरह निकल जाए, तो गैस बंद करके तवे को सिंक में ले जाएं और साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। इस बात का खास ध्यान रखें कि तवे पर शैंपू, विनेगर या फिटकरी का कोई भी अंश बाकी न रहे, ताकि अगली बार खाना बनाते समय उसका स्वाद या सेहत पर कोई असर न पड़े।
लोहे के तवे को साफ करने के बाद सबसे जरूरी कदम होता है उसे सुखाना। धोने के तुरंत बाद तवे को किसी साफ सूती कपड़े से अच्छी तरह पोंछकर सुखा लें या कुछ सेकंड के लिए गैस पर रखकर उसकी नमी खत्म कर दें। लोहे के बर्तन में पानी की नमी रहने से उस पर तुरंत जंग लग जाता है। सुखाने के बाद आप चाहें तो उस पर तेल की दो बूंदें लगाकर रख सकते हैं, जिससे आपका तवा हमेशा चांद जैसा चमकता रहेगा। डिस्क्लेमर: इस लेख में किए गए दावे इंस्टाग्राम वीडियो और इंटरनेट पर मिली जानकारी पर आधारित हैं। एनबीटी इसकी सत्यता और सटीकता जिम्मेदारी नहीं लेता है।