प्रेग्नेंसी टेस्ट पॉजिटिव आते ही माता-पिता अपने आने वाले बच्चे के सपने संजोने लगते हैं और उसे गोद में लेने का बेसब्री से इंतजार करते हैं। ऐसे में अचानक मिसकैरेज की खबर मिलना उनके लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं होता। बॉलीवुड एक्ट्रेस गौहर खान के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ था। वह प्रेग्नेंसी के दौरान स्कैन में अपने बच्चे को देख चुकी थीं और उसकी हार्टबीट भी सुन चुकी थीं, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि उनका मिसकैरेज हो गया है। यह खबर उनके लिए बेहद मुश्किल थी। आज दो बेटों की मां बनकर मदरहुड एन्जॉय कर रहीं गौहर ने हाल ही में अपने इस दर्दनाक अनुभव के बारे में खुलकर बात की। आइए जानते हैं उन्होंने क्या बताया।

बॉलीवुड एक्ट्रेस सोहा अली खान के शो में एक्ट्रेस गौहर खान ने अपने मिसकैरेज के बारे में बात करते हुए बताया, ‘मैं अपने रूटीन स्कैन के लिए गई थी और मुझे इस तरह की किसी चीज की उम्मीद नहीं थी। अचानक मैंने देखा कि डॉक्टर के चेहरे के एक्सप्रेशन बदल गए। रेडियोलॉजिस्ट का चेहरा बदल गया था। उन्होंने उस छोटी थैली (sac) को देखा, लेकिन उसमें कोई हलचल नहीं थी। मैंने पूछा, ‘डॉक्टर, क्या आपको कोई धड़कन दिखाई दे रही है?’ उन्होंने पांच सेकंड लिए और फिर... उन्होंने न में सिर हिला दिया। मैं आपको बता नहीं सकती कि वह एहसास कैसा था। मैं उसे शब्दों में बयां नहीं कर सकती। जैद को तो समझ ही नहीं आ रहा था कि वह कैसे एक्सप्रेस करे और क्या कहे।’ Image- gauahar khan@instagram
इसके बाद सोहा कहती हैं, ‘यह आपकी पहली प्रेग्नेंसी थी और तब तक ढाई महीने हो चुके थे।’ गौहर हां में सिर हिलाते हुए कहती हैं, ‘और क्योंकि मैं पहले ही हार्टबीट देख चुकी थी, आप स्कैन देख चुके होते हैं और छोटी-छोटी क्लिप देख चुके होते हैं, तो वह सब और भी मुश्किल हो जाता है।’ Image-Gauahar Khan Instagram
क्लीवलैंड क्लीनिक के अनुसार, गर्भावस्था के 20वें सप्ताह से पहले उसका खत्म हो जाना गर्भपात कहलाता है। ज्यादातर मिसकैरेज प्रेग्नेंसी की पहली तिमाही में होते हैं। मायो क्लीनिक के अनुसार, पहली तिमाही प्रेग्नेंसी के शुरुआती लगभग 13 सप्ताह का समय होता है।
मायो क्लीनिक के अनुसार, मिसकैरेज के लक्षणों में शामिल हो सकते हैं:प्राइवेट पार्ट से ब्लीडिंग होना, जिसमें दर्द हो भी सकता है और नहीं भी। इसमें हल्की ब्लीडिंग भी शामिल है, जिसे स्पॉटिंग कहा जाता है।पेल्विक हिस्से (पेट के निचले हिस्से) या पीठ के निचले हिस्से में दर्द या ऐंठन होना।योनि से तरल पदार्थ या ऊतकों (टिश्यू) का बाहर आना।दिल की धड़कन तेज होना।
इस रिपोर्ट के अनुसार, ज्यादातर गर्भपात इसलिए होते हैं क्योंकि गर्भस्थ शिशु का विकास ठीक से नहीं हो पाता। पहली तिमाही में होने वाले लगभग आधे से दो-तिहाई गर्भपात क्रोमोसोम की संख्या कम या ज्यादा होने से जुड़े होते हैं। क्रोमोसोम हर कोशिका में मौजूद संरचनाएं हैं, जिनमें जीन होते हैं। ये जीन तय करते हैं कि किसी व्यक्ति का रंग-रूप कैसा होगा और उसका शरीर कैसे काम करेगा। जब अंडाणु (Egg) और शुक्राणु (Sperm) मिलते हैं, तो दोनों के क्रोमोसोम आपस में जुड़ते हैं। लेकिन अगर क्रोमोसोम की संख्या सामान्य से कम या ज्यादा हो, तो इससे गर्भपात हो सकता है।
कुछ मामलों में मां के स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के कारण भी गर्भपात हो सकता है। इनमें शामिल हैं:अनियंत्रित डायबिटीज।संक्रमण। हार्मोन संबंधी समस्याएं।गर्भाशय या गर्भाशय ग्रीवा (सर्विक्स) से जुड़ी समस्याएं।थायराइड की बीमारी। मोटापा।
क्लीवलैंड क्लीनिक के लेख के अनुसार, इस बात का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है कि तनाव, व्यायाम या गर्भनिरोधक गोलियों की वजह से मिसकैरेज होता है। इसलिए, अगर आपका मिसकैरेज हुआ है, तो इसके लिए खुद को दोष न दें।