किचन में काम करते समय अक्सर जल्दीबाजी में कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जो न सिर्फ रसोई को गंदा करती हैं बल्कि बड़े हादसे का कारण भी बन सकती हैं। ऐसी ही एक आम गलती कढ़ाई से तुरंत निकालकर गरमा-गरम ग्रेवी या उबली हुई सब्जियों को मिक्सी के जार में पीसना है। अक्सर लोग टमाटर, प्याज या काजू के उबले हुए गर्म मिश्रण को सीधे ब्लेंड कर देते हैं, जिससे मिक्सी का ढक्कन अचानक प्रेशर के साथ ऊपर उड़ जाता है और पूरी ग्रेवी किचन की दीवारों और हमारे चेहरे पर आ गिरती है।
ऐसे में मशहूर मास्टर शेफ पंकज भदौरिया ने सोशल मीडिया हैंडल पर इस गंभीर समस्या के पीछे का वैज्ञानिक कारण बताया है और साथ ही इससे बचने के लिए एक बेहद आसान बर्फ वाला नुस्खा भी शेयर किया है। शेफ के अनुसार, यह छोटी सी ट्रिक आपको जलने के खतरे से तो बचाएगी ही, साथ ही आपकी ग्रेवी को रेस्तरां जैसा क्रीमी टेक्सचर भी देगी। बस आपको सही तरीके से इस्तेमाल करना होगा।
शेफ पंकज भदौरिया के मुताबिक, जब गर्म लिक्विड या ग्रेवी को मिक्सी के जार में डालकर ब्लेड चलाते हैं। तो गर्म चीजें तेजी से एक्सपैंड यानि फैलती हैं। जब मिक्सी के तेज ब्लेड गर्म ग्रेवी को घुमाते हैं, तो जार के अंदर बहुत ही कम सेकंड में भारी मात्रा में भाप और प्रेशर बनता है। जार के अंदर हवा बाहर निकलने की जगह नहीं ढूंढ पाती, जिसके कारण वह सीधे ऊपर की तरफ जोर लगाती है और ढक्कन धमाके के साथ हवा में उड़ जाता है।
दरअसल, गर्म लिक्विड को ब्लेंड करना हमेशा एक बड़ी मुसीबत को न्योता देता है। जब मिक्सी का ढक्कन उड़ता है, तो खौलती हुई ग्रेवी चारों तरफ फैल जाती है। इससे न सिर्फ पूरी किचन, स्लैब और दीवारें गंदी होती हैं, बल्कि सबसे बड़ा डर स्किन के जलने का होता है।
इस खतरनाक हादसे से बचने के लिए मास्टर शेफ पंकज भदौरिया ने एक बेहतरीन और तुरंत काम करने वाला उपाय बताया है। जब भी आपको मजबूरी में या जल्दीबाज़ी में गर्म ग्रेवी को पीसना पड़े, तो जार में ग्रेवी डालने से पहले या उसके साथ बर्फ के कुछ टुकड़े डाल दें। इसके बाद मिक्सी का ढक्कन बंद करके ब्लेंड करें। यह नुस्खा बिना किसी झंझट के काम को सुरक्षित बना देता है।
बर्फ के टुकड़े जार के अंदर जाते ही गर्म ग्रेवी के तापमान को तुरंत कम कर देते हैं। तापमान अचानक कम होने की वजह से जार के भीतर वह खतरनाक भाप या थर्मल प्रेशर बन ही नहीं पाता, जो ढक्कन को ऊपर फेंकता है। जब प्रेशर नहीं बनेगा, तो ढक्कन अपनी जगह पर मजबूती से टिका रहेगा और आप बिना किसी डर या रिस्क के मिक्सर चला सकेंगे।
बर्फ का नुस्खा सिर्फ हादसे से ही नहीं बचाता, बल्कि कुकिंग की क्वालिटी भी सुधारता है। शेफ के अनुसार, गर्म ग्रेवी में बर्फ डालकर पीसने से लिक्विड बेहतर तरीके से इमल्सीफाई होता है। इसका मतलब है कि ग्रेवी में मौजूद तेल/घी और बाकी मसाले आपस में बहुत अच्छी तरह से एक-दूसरे में मिल जाते हैं। इससे ग्रेवी का रंग निखर कर आता है और उसका टेक्सचर बिल्कुल मखमली, गाढ़ा और रेस्तरां की शाही ग्रेवी जैसा स्मूथ बनता है।
बर्फ के नुस्खे के अलावा, मिक्सी चलाते समय हमेशा कुछ और बातों का भी ध्यान रखें। जैसे कि.... जार को कभी भी ऊपर तक पूरा न भरें, हमेशा उसे आधा ही खाली रखें। मिक्सर चलाते समय ढक्कन के ऊपर हमेशा एक मोटा सूती कपड़ा या टॉवल रखें और उसे हाथ से दबाकर रखें। मिक्सी को सीधे फुल स्पीड पर चलाने के बजाय हमेशा 'पल्स मोड' पर रुक-रुक कर चलाएं, ताकि अंदर अचानक प्रेशर न बने। डिस्क्लेमर: इस लेख में किए गए दावे इंस्टाग्राम वीडियो और इंटरनेट पर मिली जानकारी पर आधारित हैं। एनबीटी इसकी सत्यता और सटीकता जिम्मेदारी नहीं लेता है।