दूध में गाढ़ा दही डालने से क्या होता है? अनिता ने बताया बंगाल की मशहूर मिठाई बनाने का तरीका, गर्मी में देगी राहत

Newspoint
Newspoint
गर्मियों के तपते मौसम में अगर कुछ ठंडा और मीठा मिल जाए, तो दिन बन जाता है। वैसे तो आपने कई तरह की मिठाइयां खाई होंगी, लेकिन बंगाल की मशहूर मिष्टी दोई का स्वाद सबसे अलग और सुकून देने वाला होता है। दूध में गाढ़ा दही मिलाने का सही तरीका ही इसे मलाईदार और बेहतरीन टेक्सचर देता है।


अक्सर लोगों को लगता है कि इसे घर पर बनाना मुश्किल है, पर कुकिंग एक्सपर्ट अनिता ने एक ऐसा आसान तरीका साझा किया है जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। इस खास रेसिपी का राज हंग कर्ड और चीनी को कैरेमलाइज करने की तकनीक में छिपा है। आसान रेसिपी से घर बैठे बाजार जैसी मिष्टी दोई बना सकते हैं।
Newspoint
Hero Image
मिष्टी दोई की सबसे बड़ी खासियत इसका गाढ़ापन होता है। इसके लिए साधारण दही का इस्तेमाल न करें। सबसे पहले एक बाउल पर छलनी रखें और उस पर एक साफ सूती कपड़ा या रुमाल बिछाएं। अब इसमें ढेर सारा ताजा दही डालें और पोटली बनाकर कुछ घंटों के लिए छोड़ दें। इससे दही का सारा अतिरिक्त पानी निकल जाएगा और आपको मलाईदार हंग कर्ड मिलेगा। यही वह चीज़ है जो मिठाई को वह खास बनावट देगी।
Newspoint
मिष्टी दोई का वह हल्का भूरा रंग केसर या कलर से नहीं, बल्कि चीनी से आता है। एक पैन गर्म करें और उसमें चीनी डालकर धीमी आंच पर पकाएं। जब चीनी पिघलकर सुनहरी-भूरी होने लगे, तो समझ लीजिए कि वह कैरेमलाइज हो गई है। ध्यान रहे, इसे जलाना नहीं है, वरना मिठाई में कड़वाहट आ सकती है।
Newspoint
कैरेमलाइज्ड चीनी में अब धीरे-धीरे दूध डालें और उबाल आने तक पकाएं। दूध को जल्दी गाढ़ा करने और बाजार जैसा टेक्सचर देने के लिए अनिता ने मिल्क पाउडर डालने की सलाह दी है। मिल्क पाउडर डालते समय व्हिस्कर का इस्तेमाल करें ताकि कोई गुठली न बने। जब दूध पककर थोड़ा कम और गाढ़ा हो जाए, तो गैस बंद कर दें।
Newspoint
यह सबसे जरूरी स्टेप है। गरम दूध में सीधे दही कभी न डालें, वरना दूध फट सकता है। दूध को तब तक ठंडा होने दें जब तक वह गुनगुना न रह जाए। जब दूध इतना ठंडा हो जाए कि आप उसमें अपनी उंगली आसानी से डुबो सकें, तभी आगे की प्रक्रिया शुरू करें।
Newspoint
तैयार हंग कर्ड को एक अलग बर्तन में लेकर अच्छी तरह फेंट लें। अब इसमें तैयार गाढ़ा और कैरेमलाइज्ड दूध मिलाएं। व्हिस्कर की मदद से इसे तब तक फेंटें जब तक कि दही और दूध एकदम एकसार न हो जाएं और ऊपर हल्की झाग न दिखने लगे। यह बैटर जितना स्मूथ होगा, आपकी मिष्टी दोई उतनी ही लाजवाब बनेगी।​

Newspoint
अब इस बैटर को मिट्टी के बर्तन, कांच के कप या स्टील के बाउल में डालें। इसे फॉयल पेपर या ढक्कन से अच्छी तरह कवर कर दें ताकि बाहरी हवा न लगे। इसे किसी गर्म जगह पर 6-8 घंटे के लिए सेट होने दें। जब दही अच्छी तरह जम जाए, तो इसे फ्रिज में रखकर ठंडा करें। अंत में ऊपर से बारीक कटे पिस्ता डालकर सर्व करें। डिस्क्लेमर: इस लेख में किए गए दावे इंस्टाग्राम वीडियो और इंटरनेट पर मिली जानकारी पर आधारित हैं। एनबीटी इसकी सत्यता और सटीकता जिम्मेदारी नहीं लेता है।