साउथ इंडियन फूड किसे पसंद नहीं होता? इडली हो, डोसा हो या गरमा-गरम वड़ा, इन सबका असली स्वाद तभी आता है जब साथ में बेहतरीन और खुशबूदार सांभर हो। लेकिन अक्सर लोग सांभर बनाने के झंझट और उसमें लगने वाले लंबे समय की वजह से इसे घर पर बनाने से बचते हैं। पहले दाल उबालो, फिर सब्जियां अलग से पकाओ, फिर तड़का लगाओ—इस पूरे प्रोसेस में बर्तनों का ढेर भी लग जाता है और वक्त भी बहुत बर्बाद होता है।
अगर आप भी इसी वजह से सांभर बनाने से कतराते हैं, तो अब परेशान होने की बिल्कुल ज़रूरत नहीं है। 'श्वेता की रसोई' से सांभर बनाने की अब तक की सबसे आसान और क्विक रेसिपी मिली है। इस अनूठे तरीके से आपका पसंदीदा टेस्टी सांभर अलग से बिना दाल उबाले, सीधे प्रेशर कुकर में मात्र 2 सीटी में बनकर तैयार हो जाएगा।
स्वाद और सेहत से भरपूर सांभर बनाने के लिए सबसे पहले अपनी पसंद की ताजा सब्जियां काट लें। श्वेता की रसोई के अनुसार, पारंपरिक स्वाद के लिए लौकी, बैंगन, टमाटर, गाजर, सहजन की फलियां, प्याज और बीन्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके साथ ही, लगभग आधी कटोरी अरहर की दाल को साफ धोकर 10 मिनट के लिए पानी में भिगो दें। दाल भिगोने से कुकर में सब्जियों के साथ बहुत जल्दी और अच्छी तरह गल जाती है।
पारंपरिक तरीके में तड़का आखिर में लगाया जाता है, लेकिन इस रेसिपी की खासियत है कि शुरुआत ही तड़के से होगी। सबसे पहले प्रेशर कुकर में थोड़ा सा तेल डालकर अच्छी तरह गर्म करें। तेल गर्म हो जाने के बाद इसमें राई, 2 सूखी लाल मिर्च और ढेर सारे ताजे करी पत्ते डालें। जब राई चटकने लगे और करी पत्ते की सोंधी खुशबू आने लगे, तो समझ जाइये कि आपका परफेक्ट साउथ इंडियन तड़का तैयार है।
तड़का तैयार होने के बाद कुकर में कटा हुआ प्याज डालें और उसे हल्का गुलाबी या सुनहरा होने तक फ्राई कर लें। जैसे ही प्याज भून जाए, कुकर में कटी हुई सारी सब्जियां लौकी, बैंगन, गाजर, बीन्स और सहजन डाल दें। अब गैस की आंच को मीडियम रखते हुए इन सब्जियों को लगातार चलाते हुए लगभग 2 मिनट के लिए अच्छे से भून लें। सब्जियों को तेल में भूनने से सांभर का स्वाद दोगुना हो जाता है।