संजीव कुमार से हुई सगाई पर एक शर्त से बिखरा रिश्ता, एक्टिंग छोड़ साध्वी बनीं नीता मेहता, अब देती हैं प्रवचन

Newspoint
बॉलीवुड में ऐसी कई हीरोइनें रही हैं, जिन्होंने एक समय पर फिल्मी पर्दे के साथ-साथ लोगों के दिलों पर भी राज किया, पर बाद में उनमें से कुछ गुमनाम हो गईं, तो कुछ ने फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली। और कुछ तो ऐसी रहीं, जिन्होंने मोह-माया, ग्लैमर और रुपया-पैसा त्याग संन्यासिन बनने का रास्ता चुना। ऐसी ही एक एक्ट्रेस रहीं नीता मेहता, जो 70-80 के दशक की मशहूर हीरोइन थीं। कई हिट फिल्में दीं, पर बाद में साध्वी बन गईं और अब प्रवचन देती हैं। यही नहीं, उन्होंने अपना नाम भी बदल लिया है। बताया जाता है कि नीता मेहता की संजीव कुमार के साथ सगाई भी हो गई थी, पर शादी नहीं हो पाई...और फिर नीता भी आजीवन कुंवारी ही रहीं। यहां नीता मेहता की कहानी बता रहे हैं और साथ ही जानिए कि वह कैसे स्वामी नित्यानंद गिरी बनीं।
Hero Image

नीता मेहता का परिवार, एक्टिंग के खिलाफ थे माता-पिता
नीता मेहता परिवार के खिलाफ जाकर एक्टिंग की दुनिया में आई थीं। उनके परिवार का दूर-दूर तक फिल्मों से कोई नाता नहीं था। पर नीता को फिल्मों का चस्का लग गया और हीरोइन बनने का फैसला कर लिया। बताया जाता है कि जब नीता मेहता के माता-पिता को इस बारे में पता चला तो वह नाराज थे, क्योंकि पिता वकील थे और मां डॉक्टर...ऐसे में वो चाहते थे कि बेटी भी या तो डॉक्टर-वकील बने या फिर कुछ इसी तरह के फील्ड में करियर बनाए।

Newspoint

एफटीआईआई से एक्टिंग का कोर्स, कीं ये फिल्में
नीता मेहता ने हीरोइन बनने का फैसला कर लिया था और आंखों में सपने लेकर मुंबई आ गईं। यहां उन्होंने पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टिट्यूट में एडमिशन लिा और दो साल का कोर्स किया। इसके बाद उन्होंने फिल्मों में एंट्री की। नीता मेहता की पहली फिल्म 'पोंगा पंडित' थी, और इसमें उनके साथ रणधीर कपूर थे। यह साल 1975 में आई थी। इसके बाद नीता ने कई फिल्में कीं, जिनमें 'मैं तुलसी तेरे आंगन की', 'खून की टक्कर', 'स्वर्ग से सुंदर', 'ईंट का जवाब पत्थर', 'मंगल पांडे', 'ये है जिंदगी', 'आखिरी इंसाफ', 'कामचोर', 'रिश्ता कागज का', 'जानी दुश्मन' और 'हीरो' जैसे नाम शामिल हैं।

Newspoint

संजीव कुमार से प्यार, हो चुकी थी सगाई पर इस कारण टूटा रिश्ता
अपने करियर में नीता मेहता ने रणधीर कपूर के अलावा विनोद खन्ना धर्मेंद्र, राजेश खन्ना और संजीव कुमार जैसे एक्टर्स के साथ भी काम किया। संजीव कुमार के साथ काम करते हुए दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया। वो शादी भी करना चाहते थे, पर एक शर्त के कारण रिश्ता खराब हो गया। बताया जाता है कि नीता मेहता और संजीव कुमार की सगाई तक हो चुकी थी। पर एक्टर ने नीता के सामने शर्त रखी कि वह एक्टिंग छोड़ दें। अब नीता परिवार के खिलाफ जाकर फिल्मों में आई थीं, फिर भला उसी एक्टिंग करियर को कैसे छोड़तीं? इसी कारण संजीव कुमार और नीता मेहता का रिश्ता टूट गया और शादी नहीं हो पाई।

Newspoint

एक्टिंग छोड़ जूलरी बिजनेस किया, फिर साध्वी बन गईं
संजीव कुमार से ब्रेकअप के बाद नीता मेहता ने जैसे-तैसे खुद को संभाला और फिल्मों में काम करना जारी रखा। साल 1996 तक वह फिल्मों में नजर आईं, पर फिर एक्टिंग छोड़ दी। इसके बाद उन्होंने अपना जूलरी का बिजनेस शुरू किया। बिजनेस काफी अच्छा चल रहा था, पर एक समय बाद उनका सांसारिक सुखों और लग्जरी लाइफ से ऐसा मोहभंग हुआ कि साध्वी बन गईं। नाम स्वामी नित्यानंद गिरी रख लिया। वह अब प्रवचन देती हैं और साथ में अपना यूट्यूब चैनल चलाती हैं, जिस पर ज्ञान की बातें बताती हैं।

नाम बदलकर बनीं स्वामी नित्यानंद गिरी, देती हैं प्रवचन
इसी चैनल पर एक्ट्रेस ने बताया था कि वह नीता मेहता कैसे स्वामी नित्यानंद गिरी बनीं। नीता मेहता ने बताया था कि वह गुरु मां आनंदमयी के कारण साध्वी बनीं। उन्हें साध्वी बनने में 30-40 साल लगे। नीता ने बताया था कि वह हमेशा से ही गुरु मां आनंदमयी से जुड़ी हुई थीं, और बचपन से ही उनके आश्रम जाती थीं। उनका परिवार भी गुरु मां आनंदमयी के साथ जुड़ा हुआ है।