समोसा भारत का एक ऐसा सदाबहार स्नैक है, जिसके बिना शाम की चाय अधूरी सी लगती है। वैसे तो हम सबने पारंपरिक तिकोने शेप वाले समोसे खूब खाए हैं, लेकिन इन दिनों सोशल मीडिया पर चोटी वाली डिजाइन का एक लंबा समोसा खूब चर्चा में है। कुकिंग इन्फ्लुएंसर रिहाना ने इस बेहद अनोखे और एक्स्ट्रा कुरकुरे समोसे को बनाने की एक बेहद आसान रेसिपी बताई है।
आलू की चटपटी स्टफिंग और आटे की गूंथी हुई चोटीदार डिजाइन के साथ बना यह समोसा न सिर्फ दिखने में बेहद अट्रैक्टिव है, बल्कि इसका क्रिस्पी स्वाद भी लाजवाब है। अगर आप भी इस वीकेंड कुछ नया और मजेदार ट्राई करना चाहते हैं, तो आसान स्टेप्स को फॉलो करके इस स्वादिष्ट डिजाइनर समोसे को घर पर जरूर बनाएं।
डो के लिए-आटा (या मैदा), तेल (मोयन के लिए) और नमक। स्टफिंग के लिए- उबले हुए आलू, बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया। मसाले- लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और स्वादानुसार नमक। फ्राई करने के लिए-कुकिंग ऑयल।
समोसे का असली स्वाद उसकी स्टफिंग में होता है। इसे बनाने के लिए उबले हुए आलुओं को एक बर्तन में अच्छी तरह मैश कर लें। अब इसमें बारीक कटी हरी मिर्च और फ्रेश हरा धनिया डालें। इसके बाद लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक मिलाकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें। आपकी एकदम तीखी और चटपटी आलू की स्टफिंग बनकर तैयार है।