एंकर की साड़ी पर सवाल उठाने वाले इजरायली मेहमान को करारा जवाब, पुरानी क्लिप पर डॉली जैन बोलीं- सैल्यूट है

Newspoint
आप सभी को वो वीडियो याद होगा, जो करीब दो साल पहले सबके सामने आया था। इस क्लिप में जो भी होता हुआ दिखाई दिया था, वो पूरी दुनिया में वायरल हो गया था। अब 2023 के वीडियो को मशहूर साड़ी ड्रेपर डॉली जैन ने फिर से शेयर किया है। उन्होंने साड़ी पर कमेंट करने वाले इजरायली मेहमान को एंकर से मिले करारे जवाब की तारीफ की। साथ ही सैल्यूट करने की इच्छा भी जाहिर की।


क्या था वीडियो में?
दरअसल, ये वीडियो साल अक्टूबर 2023 का है, जिसे श्रेया धौंडियाल ने अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया था। और वहीं से ये वायरल होना शुरू हुआ था। इस क्लिप में वो शो को होस्ट करती देखी जा सकती हैं। गाजा पर हो रही चर्चा पर इजरायल का पक्ष रखने के लिए फ्रेडरिक लैंडो आए थे, जिन्हें इजरायली इंटेल स्पेशल फोर्स का सदस्य बताया गया था।
Hero Image

इजरायल का पक्ष लेते हुए फ्रेडरिक ने कपड़ों के रंगों पर कमेंट करना शुरू कर दिया। उन्होंने पहले अपने अटायर के कलर पर कमेंट कर हाइलाइट किया कि उन्होंने वाइट और ब्लू पहना है, जो इजरायल को रिप्रेजेंट करने वाला रंग है। फिर उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ये रंग हमेशा विजयी रहेगा।


साड़ी के रंग पर मारा कमेंट
इसके बाद फ्रेडरिक ने एंकर की साड़ी के ग्रीन, ब्लैक और रेड कॉम्बिनेशन को निशाने पर ले लिया। उसने इशारा किया कि ये रंग फिलिस्तीन को रिप्रेजेंट करता है। और एंकर का इन रंगों का कपड़े पहनना साफ दिखाता है कि वो कहां की हिमायती हैं। ये कमेंट सुनकर एक पल को श्रेया हैरान हुईं, लेकिन उन्होंने तुरंत मजबूती से जवाब दिया।


श्रेया ने दिया करारा जवाब
श्रेया ने जवाब देते हुए फ्रेडरिक को सलाह दी कि वो कपड़ों के रंगों को धर्म के आधार पर बांटने की कोशिश न करें। इसके बाद उन्होंने बताया कि वो जो परिधान पहनी हैं, वो उनकी दादी का है, और उसे साड़ी कहा जाता है। श्रेया ने आगे साझा किया कि अगर उनकी दादी आज जिंदा होतीं, तो उनकी उम्र करीब 105 साल होती। इस साड़ी का किसी धर्म या पॉलिटिकल इशू से कोई लेना देना नहीं है। ये बस एक परिधान है, जो दादी मां से लिया गया है।

इस पर फ्रेडरिक ने कहा 'इसे किसी और मौके के लिए संभालकर रखें'। ये सुनते ही श्रेया ने बेबाकी से जवाब दिया कि 'नहीं फ्रेडरिक आप मुझे नहीं बता सकते हैं कि मुझे क्या पहनना चाहिए या फिर क्या बोलना चाहिए।'



डॉली जैन ने की तारीफ
इस पुरानी क्लिप को अपने सोशल हैंडल पर शेयर करते हुए डॉली जैन ने तारीफों को पुल बांधे। उन्होंने कहा कि 'श्रेया ने इस स्थिति को जिस तरह से संभाला, उस पर मुझे बेहद गर्व है'। डॉली ने आगे कहा कि जब कोई साड़ी पर इस सम्मान के साथ बात करता है, तो मेरा उठकर उसे सलाम करने का मन करता है।


महिलाओं को दी सलाह
इसके साथ ही डॉली ने महिलाओं को साड़ी से जड़ी सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि 'मैं हमेशा सबसे कहती हूं कि उन्हें हाथ से बुनी साड़ी खरीदना चाहिए। इसलिए नहीं क्योंकि वो सुंदर होती हैं, बल्कि इसलिए क्योंकि वो हमेशा बनी रहती हैं। एक अच्छी साड़ी सालों तक नहीं बल्कि पीढ़ियों तक का सफर तय करती है। आप इसे पहनेंगीं, आपकी बेटी और फिर उसकी बेटी भी इसे प्यार से पहनती रहेंगीं। ये सिर्फ कपड़े की बात नहीं है, बल्कि ये तो भावनाओं और यादों से जुड़ाव है। साड़ी आपके परिवार की कहानी की तरह है, जिसे फोल्ड करके, संभालकर रखते हैं।'

डॉली ने इस विरासत को संभालने और हमेशा जिंदा रखने की भी अपील की। उन्होंने ये भी कहा कि इसे जितना हो सके प्यार दें ताकि इस भाव को आगे की पीढ़ियों तक भी महसूस किया जा सके।