उत्तर भारत के मशहूर व्यंजनों में 'पिंडी छोले' का नाम सबसे पहले आता है। पारंपरिक रूप से बनने वाले ये छोले बिना प्याज और टमाटर के तैयार किए जाते हैं, लेकिन इनका गाढ़ापन और मसालों का तीखा-चटपटा स्वाद हर किसी को दीवाना बना देता है। जब भी त्योहार हो या घर पर कोई मेहमान आने वाले हों, तो भटूरे, नान या कुल्चे के साथ पिंडी छोले एक परफेक्ट कॉम्बिनेशन बनते हैं।
अगर आप भी ढाबे या रेस्टोरेंट जैसा असली और पारंपरिक स्वाद घर पर पाना चाहते हैं, तो 'निशा मधुलिका की रसोई' से मिली पिंडी छोले बनाने की सबसे आसान और लाजवाब रेसिपी आपके काम आ सकती है। इन 6 आसान स्टेप्स को फॉलो करके आप घर बैठे झटपट उंगलियाँ चाटने पर मजबूर कर देने वाले छोले तैयार कर सकते हैं।
पिंडी छोले बनाने की शुरुआत चनों को सही तरीके से भिगोने से होती है। इसके लिए सबसे पहले एक कप अच्छी क्वालिटी के काबुली चने लें। चनों को साफ पानी से दो से तीन बार अच्छी तरह धो लें। इसके बाद इन्हें पर्याप्त पानी में भिगोकर रातभर के लिए छोड़ दें। रातभर भीगने से चने अच्छी तरह फूल जाते हैं और पकाते समय अंदर तक बिल्कुल सॉफ्ट हो जाते हैं।
अगले दिन भीगे हुए चनों का पानी निकाल लें और उन्हें कुकर में डालें। अब इसमें खुशबू के लिए एक दालचीनी का टुकड़ा, एक तेजपत्ता और स्वादानुसार नमक डालें। इसके बाद एक अलग बर्तन में एक कप पानी में दो चम्मच चायपत्ती डालकर अच्छी तरह उबाल लें। इस चायपत्ती के पानी को छानकर कुकर में डाल दें। साथ में एक कप सादा पानी और डालकर कुकर का ढक्कन बंद कर दें।
मसाले और चायपत्ती का पानी डालने के बाद कुकर को गैस पर रखें। पहले गैस की आंच को तेज रखें और एक सीटी आने दें। जैसे ही एक सीटी आ जाए, गैस को तुरंत धीमा कर दें और चनों को 3 मिनट तक धीमी आंच पर और पकने दें। इसके बाद गैस बंद कर दें और कुकर का प्रेशर अपने आप खत्म होने दें। प्रेशर निकलने के बाद चनों को छानकर उनका पानी एक अलग बर्तन में रख लें, जिसे ग्रेवी में इस्तेमाल किया जाएगा।
पिंडी छोलों का असली स्वाद उनके खास दरदरे मसालों में छिपा होता है। इसके लिए एक पैन में 2 चम्मच साबुत धनिया, 2 चम्मच सौंफ, 2 चम्मच जीरा, 2 चम्मच अनारदाना, 2 कश्मीरी लाल मिर्च, थोड़ी सी लौंग, 2 बड़ी इलायची और आधा चम्मच काली मिर्च डालें। इन खड़े मसालों को धीमी आंच पर तब तक भूनें जब तक कि इनमें से सोंधी खुशबू न आने लगे। मसाले ठंडे होने के बाद इन्हें मिक्सी में डालकर हल्का दरदरा पीस लें।
अब एक कड़ाही या गहरे पैन में थोड़ा सा देसी घी गर्म करें। घी गर्म होने पर इसमें अदरक का पेस्ट, अदरक के लंबे कटे हुए लच्छे, बीच से कटी हरी मिर्च और एक चुटकी हींग डालें। इन्हें हल्का सा भूनने के बाद, जो सीक्रेट मसाला हमने पीसकर तैयार किया था, उसे कड़ाही में डाल दें। मसाले को हल्का सा चलाने के बाद इसमें थोड़ा सा नमक और चने का छाना हुआ पानी डालकर भूनें।
मसाला जब घी छोड़ने लगे, तो इसमें उबले हुए चने और थोड़ी सी कसूरी मेथी को हाथों से क्रश करके डाल दें। इसके बाद छोलों को खट्टा और चटपटा स्वाद देने के लिए ऊपर से आमचूर पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें और धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक पकने दें ताकि सारे मसाले चनों के अंदर तक समा जाएं। आखिरी में ऊपर से बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालें और आपके पिंडी छोले तैयार हैं। डिस्क्लेमर: इस लेख में किए गए दावे इंस्टाग्राम वीडियो और इंटरनेट पर मिली जानकारी पर आधारित हैं। एनबीटी इसकी सत्यता और सटीकता जिम्मेदारी नहीं लेता है।