आचार्य प्रशांत ने बेटों से पूछा सवाल, बोले-आखिरी बार पिता से कब की थी दिल की बात? फोन तो हमेशा मां को ही मिलाते हैं

Newspoint
अक्सर देखा जाता है कि जैसे-जैसे बेटे बड़े होते हैं, कुछ परिवारों में उनकी पिता से भावनात्मक दूरी बढ़ने लगती है। बेटा जितनी खुलकर अपनी मां से बात कर पाता है या अपनी बातें साझा करता है, उतनी सहजता पिता के साथ नहीं होती। पिता से बातचीत अक्सर हाल-चाल पूछने और जरूरी बातों तक ही सीमित रह जाती है। दोनों एक-दूसरे से प्यार तो बहुत करते हैं, लेकिन अपनी भावनाएं जाहिर करने और दिल की बात कहने में हिचकिचाते हैं। इसी मुद्दे पर आचार्य प्रशांत ने भी एक अहम सवाल उठाया है। उन्होंने बेटों से पूछा कि वे खुद बताएं कि आखिरी बार कब अपने पिता से दिल की बात की थी। उनका कहना है कि जब भी बेटा किसी भावनात्मक स्थिति से गुजरता है, तो फोन मां को ही मिलाता है, पिता को नहीं। आखिर ऐसा क्यों है? आइए जानते हैं, आचार्य प्रशांत ने इस बारे में और क्या कहा और पिता-बेटे के रिश्ते में भावनात्मक जुड़ाव क्यों जरूरी है।
मशहूर लेखक और दार्शनिक आचार्य प्रशांत का कहना है कि वाकई में बापों की बहुत दुर्दशा है, इसमें तो कोई शक नहीं है। यहां जितने भी बेटे बैठे हैं, वे बताएं कि आखिरी बार उन्होंने कब अपने दिल की बात अपने पिता से की थी। लड़का जब किसी भी तरह की भावनात्मक स्थिति में होता है, तो फोन हमेशा मां को मिलाता है, पिता को नहीं। पिता का दिल बिल्कुल टूटा हुआ है, लेकिन हम उनसे बात करने ही नहीं जाएंगे। (Image-Acharya Prashant Facebook Page)
फिर हम सोचते हैं कि आखिर पुरुष महिलाओं से पांच साल पहले क्यों मर जाते हैं। लेकिन मैं पूछता हूं कि फिर वे जिएं किसलिए? वे ऐसे ही सब कुछ करते रहते हैं। लोग कहते हैं कि इसकी तो छाती मजबूत है, छाती चौड़ी है। लेकिन यह छाती नहीं, पत्थर है। वह भीतर से खोखला हो चुका है। विशेषकर उत्तर भारत और मध्य भारत में बेटा पिता के चरण स्पर्श तो कर सकता है, लेकिन उन्हें गले लगाने की परंपरा नहीं है। वह कौन-सी मूवी आई थी, जिसमें 'जादू की झप्पी' वाली बात थी? जाइए और लजाइएगा नहीं, अपने पिता को गले लगाइए। Image- Acharya Prashant Facebook Page)
मशहूर लेखक आचार्य प्रशांत ने जिस मुद्दे को उठाया है, उसकी एक बड़ी वजह बेटों की परवरिश का तरीका भी है। कई परिवारों में पिता बेटों को अनुशासन में रखने और उन्‍हें सही- गलती का फर्क समझाने के लिए उनके साथ काफी सख्ती से पेश आते हैं। इस सख्ती का असर यह होता है कि बेटे धीरे-धीरे पिता से मन ही मन चिढ़ने लगते हैं या उनसे एक भावनात्मक दूरी बना लेते हैं।
इसका असर यह होता है कि वे बड़े होकर भी अपनी भावनाओं को खुलकर जाहिर नहीं कर पाते। यही व्यवहार उनके अपने बच्चों के साथ रिश्तों में भी दिखाई देने लगता है। वे बेटों को प्‍यार तो करते हैं, लेकिन उनके साथ भावनात्मक रूप से जुड़ने और प्यार जताने में पीछे रह जाते हैं। नतीजा यह होता है कि बेटे अपनी मन की बातें मां से तो साझा कर लेते हैं, लेकिन पिता से खुलकर बात नहीं कर पाते। धीरे-धीरे दोनों के बीच भावनात्मक दूरी बढ़ने लगती है
इसीलिए पिताओं को खासतौर पर यह समझने की जरूरत है कि बच्चों को अनुशासन सिखाने के लिए सिर्फ सख्ती काफी नहीं है। उन्हें यह भरोसा दिलाना भी जरूरी है कि वे अपनी हर बात, परेशानी और कमजोरी बिना किसी डर के पिता से साझा कर सकते हैं। बेटों को यह महसूस होना चाहिए कि पिता सिर्फ उन्हें टोकने या उनकी गलतियां सुधारने के लिए नहीं, बल्कि उनकी बात सुनने, उन्हें समझने और हर कदम पर उनका साथ देने के लिए भी हैं।​

​
वहीं, बेटों को भी पिता के व्यवहार और उनकी भावनाओं को समझने की कोशिश करनी चाहिए। उन्हें अपनी नाराजगी मन में रखने के बजाय पिता से खुलकर बात करनी चाहिए। रिश्ते में दोनों तरफ से समझ और पहल होगी, तभी उनके बीच की भावनात्मक दूरी कम होगी और रिश्ता मजबूत बन पाएगा।