आमतौर पर पेरेंटिंग को लेकर कई तरह के सवाल उठते रहते हैं। कभी माता-पिता के सख्त रवैये पर सवाल किए जाते हैं, तो कभी बच्चों को बहुत ज्यादा छूट देने पर। माना जाता है कि जरूरत से ज्यादा लीनिएंट होने से बच्चे आत्मनिर्भर नहीं बन पाते, वहीं जरूरत से ज्यादा सख्ती उनके कॉन्फिडेंस को कमजोर कर सकती है। लेकिन एक महिला ने भारतीय माता-पिता के पेरेंटिंग स्टाइल से जुड़ी एक अलग ही बात कही है। उनका दावा है कि 90 प्रतिशत भारतीय माता-पिता गिरगिट प्रवृत्ति के होते हैं। आखिर उन्होंने ऐसा क्यों कहा और माता-पिता के व्यवहार में उन्हें ऐसी कौन-सी बात नजर आई? जानिए उनकी इस टिप्पणी के पीछे की वजह और इससे पेरेंट्स क्या सबक ले सकते हैं।
विभा नाम की एक यूजर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वह कहती हैं कि 90 प्रतिशत भारतीय पेरेंट्स गिरगिट प्रवृत्ति के होते हैं। यह बात सुनने में भले ही बहुत बुरी लग सकती है, लेकिन यही सच्चाई है।
अगर किसी के दो बेटियां और एक बेटा है, तो उन दोनों बेटियों की बेटे के सामने कोई वैल्यू नहीं होती। वहीं, अगर गलती से बेटा अपनी जिंदगी में कुछ हासिल नहीं कर पाता है, तो उसकी वैल्यू भी जीरो हो जाती है। अगर किसी पेरेंट्स के दो बेटे हैं और उनमें से एक इंटेलिजेंट है, तो नैचुरली दूसरे बेटे की कोई वैल्यू नहीं रह जाती।
इसी तरह, अगर किसी पेरेंट्स की दो बेटियां हैं और उनमें से एक सुंदर है और दूसरी सिंपल, तो नैचुरली सुंदर बेटी की वैल्यू हमेशा ज्यादा रहेगी। लेकिन अगर सिंपल दिखने वाली बेटी जिंदगी में कुछ हासिल कर लेती है, तो अचानक उसकी वाहवाही होने लगती है। इसीलिए मैं कहती हूं कि भारतीय पेरेंट्स गिरगिट प्रवृत्ति के होते हैं।
भले ही ये विभा के अपने विचार हों, लेकिन उन्होंने बच्चों के बीच होने वाले जिस भेदभाव की ओर ध्यान दिलाया है, वह कई परिवारों की कड़वी हकीकत है। अक्सर माता-पिता अनजाने में ही सही किसी एक बच्चे को ज्यादा तवज्जो देने लगते हैं और दूसरे को कमतर आंकते हैं। इसकी वजह बच्चों की इंटेलिजेंस, पढ़ाई में प्रदर्शन या उनकी उपलब्धियां हो सकती हैं। इस तरह का भेदभाव बच्चों के मन पर गहरा असर डालता है।
इससे धीरे-धीरे उनमें हीनभावना पनपने लगती है और उन्हें लगने लगता है कि माता-पिता अपने भाई या बहन से ज्यादा प्यार करते हैं और उनकी अहमियत कम है। वहीं, अगर परिवार में बेटा और बेटी हैं, तो आज भी कई घरों में बेटों को ज्यादा तवज्जो दी जाती है और बेटियों को उनसे कमतर समझा जाता है। यह हमारे समाज की एक कड़वी सच्चाई है।
माता-पिता का यह भेदभाव बेटियों के मन को आहत करता है। कहीं न कहीं उन्हें यह महसूस होने लगता है कि परिवार में उनकी अहमियत बेटे से कम है और उन्हें भाई जितना प्यार और सम्मान नहीं मिलता। इसीलिए माता-पिता को चाहिए कि वे अपने सभी बच्चों को बराबर प्यार, सम्मान और तवज्जो दें।
माता-पिता को बच्चों की तुलना करने या किसी एक को दूसरे से बेहतर बताने से बचें। इस बात को समझें हर बच्चे की अपनी खूबियां और क्षमताएं होती हैं। उन्हें उनकी पहचान और उपलब्धियों के आधार पर स्वीकार करें, ताकि किसी भी बच्चे के मन में हीनभावना या अपने भाई-बहन के प्रति ईर्ष्या पैदा न हो।