बच्चे कई बार माता-पिता या घर-परिवार की स्थिति को लेकर ऐसी बातें कह देते हैं, जो उन्हें बहुत दुखी कर सकती हैं। ऐसा ही एक उदाहरण हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसे शेयर करते हुए एक महिला ने बताया कि मान लीजिए आपका बेटा आपसे कहे, ‘आप तो अभी तक अपना मकान नहीं बना पाए।’ बेटे के मुंह से ऐसी बात सुनकर किसी भी पिता को गुस्सा या दुख हो सकता है। लेकिन बच्चे की इस बात पर नाराज होने से पहले पेरेंट्स को एक जरूरी बात समझनी चाहिए। क्या है वह बात, चलिए जानते हैं।
विभा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में वह कहती हैं, ‘आप लोग सोचिए जरा कि आप अपने दोस्तों के साथ बैठे हुए हैं और आपका बच्चा भी बैठा हुआ है। तभी आपका दोस्त कहता है कि यार, ‘अभी मैंने हाल ही में एक बहुत बड़ी प्रॉपर्टी ली है और अभी मैं और भी सर्च कर रहा हूं।
तभी आपका बच्चा कह देता है कि मेरे पापा तो अभी तक अपना मकान ही नहीं बना पाए। या फिर आपकी कोई दोस्त कहती है कि मैं बिल्कुल बाजार जैसा पिज्जा बनाने लग गई हूं। इस पर आपकी बेटी कह देती है कि मेरी मम्मी तो नॉर्मल खाना भी अच्छे से नहीं बना पातीं। आप यह सुनकर यही कहेंगे कि कितना बदतमीज बच्चा है।
विभा कहती हैं, ‘लेकिन आप सिचुएशन को थोड़ा बदल दीजिए। अब सोचिए कि बच्चा अपने फ्रेंड सर्किल में बैठा हुआ है और एक बच्चा अपने मार्क्स बताता है। तो पेरेंट्स तपाक से कह देते हैं कि मैं तो अपने बच्चे से इतने अंक की उम्मीद ही नहीं कर सकता। गलत बात है न पेरेंट्स की?
अब यह एक्सक्यूज नहीं दिया जा सकता कि अगर बच्चे को टोकेंगे नहीं, तो वह सुधरेगा कैसे। ये दोनों ही बातें एक जैसी हैं और दोनों ही गलत हैं। इसीलिए पेरेंट्स को यह बात समझनी चाहिए।’