वॉशिंग मशीन आज हर घर की एक बुनियादी जरूरत बन चुकी है। रोज़ाना गंदे और पसीने से तर कपड़ों को चमकाने वाली मशीन खुद अंदर से कितनी गंदी हो सकती है, इसका अंदाजा तब तक नहीं होता जब तक हम इसकी गहराई से सफाई न करें। अमूमन लोग सोचते हैं कि डिटर्जेंट और पानी के लगातार बहाव के कारण मशीन अपने आप साफ रहती है, लेकिन असलियत इसके बिल्कुल उलट है।
इसका सबसे बड़ा सबूत कंटेंट क्रिएटर शिवानी द्विवेदी की मशीन देखकर पता चलेगा। उन्होंने अपनी वॉशिंग मशीन को 10 साल में पहली बार डीप क्लीन किया। जिसके वीडियो में गंदगी साफ देखी जा सकती है, जिसे देख उन्होंने भी माथा पकड़ लिया। हालांकि उन्होंने मशीन को साफ करके भी दिखाया है तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं बस सही ट्रिक अपनाकर अपनी मशीन को क्लीन कर लें।
वॉशिंग मशीन के टब के अंदर छोटे-छोटे प्लास्टिक या जालीदार लिंट फिल्टर लगे होते हैं, जिनका काम कपड़ों से निकलने वाले रेशों और कचरे को रोकना होता है। शिवानी के अनुसार, इन्हें निकालने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती। फिल्टर के ऊपर ही प्रेस करने की जगह होती है, उसे हल्का सा दबाते ही फिल्टर आसानी से बाहर आ जाता है।
फिल्टर को बाहर निकालने के बाद सबसे पहले उसे नल के तेज बहते पानी के नीचे रखकर धो लें। इससे उसमें फंसा हुआ मोटा कचरा और कीचड़ जैसी गंदगी तुरंत बह जाएगी। इसके बाद, बची हुई जिद्दी गंदगी और बैक्टीरिया को मारने के लिए अपने होममेड क्लीनर जैसे कि सिरका और बेकिंग सोडा का घोल उस पर छिड़कें और पुराने टूथब्रश की मदद से रगड़कर साफ कर लें।
अब वॉशिंग मशीन के टब के बिल्कुल निचले हिस्से में प्लास्टिक की एक बड़ी रिंग, जिसे तकनीकी रूप से पल्सेटर या घूमने वाली डिस्क कहते हैं वो लगी होती है, जिसके नीचे सबसे ज्यादा गंदगी छिपकर बैठती है। तो सबसे पहले स्क्रूड्राइवर की मदद से बीच वाले नट को सावधानी से खोलें और फिर इस पूरी रिंग को ऊपर की तरफ खींचकर बाहर निकाल लें। इसे ड्रम से बाहर निकालते ही 10 साल से जमी काली कीचड़ जैसी गंदगी दिखेगी।