सीईओ जेनसन हुआंग के शादीशुदा होते हुए भी दूसरी औरत से संबंध का खुलासा, पत्नी से मांगी माफी, पर क्या ये काफी है

Newspoint
दुनिया की दिग्गज एआई चिप्स निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग अपनी बिजनेस अप्रोच,दूरदर्शी सोच और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर अपने विचारों के लिए दुनियाभर में चर्चा का विषय बने रहते हैं। कभी अमेरिका में बर्तन धोने का काम करने वाला लड़का आज अरबों की नेट वर्थ का मालिक है। उनकी लाइफ इंस्पिरेशन से भरी हुई है, लेकिन बतौर पति वो फेलियर साबित हो गए हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्होंने खुद ये स्वीकार कर लिया है कि शादीशुदा होते हुए भी उन्होंने एक अन्य महिला के साथ रिश्ता रखा। इसके लिए उन्होंने माफी भी मांगी है। पर क्या इतना ही काफी है? सूचना लीक होने के बाद भले ही जेनसन ने बोल दिया हो कि उन्होंने जो किया वो गलत था, पर क्या सुख-दुख में साथ देने वाली पत्नी यही डिजर्व करती है?
दरअसल, यूएसए ऑफिशियल्स ने हुआंग के सिंगापुर स्थित कंपनी मेगास्पीड की सीईओ एलिस हुआंग के साथ अफेयर पर चिंता जाहिर की थी, क्योंकि उन्हें शक है कि ये महिला चीनी जासूस है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कंपनी ने इंटरनली ही स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है। मामला तूल पकड़ने के बाद जेनसन ने कंपनी के कर्मचारियों को इससे जुड़ा ईमेल किया और अफेयर की बात स्वीकार की। 'मैं अपने परिवार और आप सभी से माफी मांगना चाहता हूं। मैंने अपनी पत्नी को धोखा दिया। मेरे इस व्यवहार से उन्हें और हमारे बच्चों को बहुत दुख पहुंचा है। मैंने जो किया, उसके लिए कोई सफाई या बहाना नहीं है। मुझे अपने किए पर गहरा पछतावा है और मैं दिल से माफी मांगता हूं।'
जेनसन ने अपने ईमेल में आगे लिखा 'मेरे परिवार ने जीवनभर मुझे प्यार दिया और हर कदम पर मेरा साथ दिया। वे मुझसे ईमानदारी और वफादारी की उम्मीद रखते थे, जिसके वे पूरी तरह हकदार थे। लेकिन मैंने उनकी उम्मीदों को तोड़ा और उस परिवार तथा जीवन को चोट पहुंचाई, जिसे हमने मिलकर बनाया था। मैं अपनी गलती और उससे हुए हर दुख की पूरी जिम्मेदारी स्वीकार करता हूं। इसके लिए मेरी जो भी आलोचना होगी, मैं उसे भी स्वीकार करूंगा। अपनी पत्नी और परिवार से मैं कहना चाहता हूं कि मैं आप सभी से बहुत प्यार करता हूं। मैं जानता हूं कि केवल माफी मांग लेने से मेरा किया हुआ ठीक नहीं हो सकता। मुझे उम्मीद है कि हमारा परिवार इस मुश्किल दौर से उबर पाएगा और समय के साथ मैं एक बार फिर आपका विश्वास जीत सकूंगा।' इसके आगे उन्होंने सहकर्मियों, निदेशक मंडल, साझेदारों और दुनियाभर के शेयरधारकों से भी अपने इस गलत कदम के लिए माफी मांगी। और साथ ही इस बात पर जोर दिया कि उन्हें अमेरिकी नागरिक होने पर गर्व है और वो कंपनी की जांच में पूरा सहयोग देने के लिए तैयार हैं। अंत में उन्होंने ये भी साफ किया कि उनके फैसलों से उनके परिवार का कोई लेना-देना नहीं है और वो इसके लिए अकेले जिम्मेदार हैं।
जेनसन और लोरी मिल्स की पहली मुलाकात यूनिवर्सिटी के दिनों में हुई थी। साल 1985 में दोनों ने शादी का फैसला लिया। उनके दो बच्चे भी हैं। 41 साल के शादीशुदा जीवन में लोरी अपने पति के साथ मजबूती से खड़ी रहीं। हर सुख और दुख में उन्होंने जेनसन का साथ दिया। अच्छे और बुरे दिन साथ जीते हुए उन्होंने चार दशक से भी ज्यादा का अपना जीवन पति को दे दिया। और अब उन्हें बदले में मिला तो क्या? कोरा धोखा। जो शारीरिक आकर्षण पर केंद्रित ज्यादा दिखाई देता है।
जेनसन ने भले ही अपने ईमेल में परिवार के प्रति प्यार जताते हुए माफी मांगी हो और ये भी कहा हो कि वो इस बात से अवगत हैं कि सिर्फ इससे सबकुछ ठीक नहीं हो जाएगा। लेकिन उन्होंने ये भी साफ कर दिया कि उन्हें उम्मीद है कि परिवार इस मुश्किल दौर से उबर जाए और वो फिर से उन पर विश्वास कर पाए। उनकी माफी के शब्द ऐसे थे, जो दिखा रहे थे जैसे मानो वो पहले से ही इस निष्कर्ष पर पहुंचने की उम्मीद लगाए बैठे हों कि उन्हें पत्नी और बच्चों से माफी मिल ही जाएगी। थोड़ा टाइम लगेगा, लेकिन सबकुछ पहले जैसा हो जाएगा। ये ऐसी माफी थी, जो पछतावे से मुक्त लगी।
इस बीच एक सवाल ये भी उठता है कि अमेरिकन एजेंसियां और मीडिया अगर उनके अफेयर के बारे में खुलासा नहीं करते, तो क्या होता? जेनसन की माफी उस समय आई है, जब उनके दूसरी औरत से संबंध जो संभावित चीनी जासूस भी हो सकती है, उसे लेकर प्रमुखता से खुलकर बातें की जा रही हैं। अगर वो वास्तव में मानते हैं कि वो गलत हैं, तो इससे पहले उन्होंने माफी क्यों नहीं मांगी?
जेनसन ने कहा कि वो अपने बच्चों और पत्नी से बहुत ज्यादा प्यार करते हैं। लेकिन अगर इतना ही प्यार था, तो उन्हें दिल को आघात देने वाला ऐसा धोखा क्यों दिया? अगर इस सबके बीच में कोई विक्टिम है, तो वो उनकी पत्नी लोरी है। कर्म जेनसन के रहे लेकिन इस बात में कोई शक नहीं कि आने वाले कुछ समय तक लोरी इस नकारात्मक चीज के कारण ही मीडिया और इंटरनेट पर टॉपिक ऑफ इंट्रेस्ट बनी रहेंगीं। इतना ही नहीं उनका निजी जीवन भी उथल-पुथल से भरा रहेगा।
जेनसन भले ही उम्मीद लगाए बैठे हैं कि उन्हें उनका परिवार माफ कर देगा। लेकिन सच तो ये है कि यहां पर विक्टिम पत्नी और बच्चे हैं। ऐसे में माफी देना है या नहीं, ये पूरा फैसला सिर्फ और सिर्फ उनका ही है। चीटिंग ऐसा कदम होता है, जो हमेशा के लिए विश्वास को तोड़ देता है। ये व्यक्ति को सोचने पर मजबूर कर देता है कि जो भी समय उन्होंने साथ बिताया, वो क्या झूठा था? जो प्यार और केयर उन्होंने रिश्ते को दी, उसकी कीमत क्या शून्य थी? अब लोरी क्या फैसला लेती हैं, ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा। लेकिन आप अगर लोरी की जगह होतीं तो आप क्या निर्णय लेतीं?