साउथ इंडियन खाना जैसे इडली और वड़ा का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि रेस्टोरेंट या साउथ इंडियन घरों में इडली इतनी सॉफ्ट और स्पंज जैसी, और वड़ा बाहर से इतना क्रिस्पी कैसे बनता है। घर पर चाहे जितनी कोशिश कर लें, घर पर वैसा टेक्सचर नहीं आ पाता।
हाल ही में एक साउथ इंडियन महिला ने सोशल मीडिया पर इस सीक्रेट का खुलासा किया है, जिसके बारे में 100 में से 90 लोगों को पता ही नहीं होता। राज की बात यह है कि उड़द दाल पीसते समय पानी के बजाय बर्फ का इस्तेमाल करना चाहिए। यह एक छोटी सी ट्रिक आपके बैटर को पूरी तरह बदल सकती है। जिसके एक नहीं कई फायदे हैं।
जब उड़द दाल को मिक्सी में पीसते हैं, तो मिक्सी के ब्लेड्स बहुत तेजी से घूमते हैं। लगातार घूमने की वजह से मिक्सी का जार गर्म हो जाता है और गर्मी दाल के बैटर में ट्रांसफर हो जाती है। जब उड़द दाल का बैटर गर्म होता है, तो उसका कुदरती टेक्सचर और चिपचिपापन खराब हो जाता है। दाल पीसते समय बर्फ के टुकड़े डालने से जार और बैटर दोनों ठंडे रहते हैं, जिससे दाल का टेक्सचर एकदम परफेक्ट बना रहता है।
कई लोगों को लगता है कि बैटर गर्म होगा तो खमीर अच्छा उठेगा, लेकिन ऐसा नहीं है। अगर मिक्सी की गर्मी से दाल पीसते समय ही बैटर बहुत ज्यादा गर्म हो जाए, तो उसके अंदर के जरूरी बैक्टीरिया समय से पहले ही मर जाते हैं या जरूरत से ज्यादा एक्टिव हो जाते हैं, जिससे बैटर खट्टा हो जाता है। बर्फ डालने से बैटर का तापमान कंट्रोल में रहता है, जिससे बाद में उसमें बहुत ही स्मूथ और बढ़िया खमीर उठता है।