एक राइट स्वाइप, हजारों चैट्स और दिल का कनेक्शन क्या यही है आज के दौर का असली प्यार

Newspoint
Newspoint
Digital vs Real Love: आज के दौर में किसी को पसंद करने या प्यार करने के लिए न चिट्ठियां लिखनी पड़ती हैं और न ही घंटों इंतजार करना पड़ता है। एक राइट स्वाइप, कुछ प्यारे-प्यारे इमोजी और देर रात तक चलने वाली चैट्स.. और हमें लगता है कि प्यार हो गया। लेकिन क्या स्क्रीन की चमक में दिखने वाला यह अपनापन वाकई सच्चा प्यार है या सिर्फ अकेलेपन को मिटाने का एक जरिया? डिजिटल दुनिया में प्यार शुरू होना जितना आसान हो गया है, असल जिंदगी में उसे निभाना उतना ही पेचीदा होता है। स्क्रीन पर दिखने वाले 'परफेक्ट पार्टनर' और रियल लाइफ के इंसान के बीच एक बहुत बड़ा फासला होता है। आइए जानते हैं डिजिटल प्यार और असली अहसास के बीच में क्या फर्क है।
Newspoint
Hero Image
रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स के अनुसार, फोन की स्क्रीन पर हम किसी इंसान का सिर्फ वही हिस्सा देखते हैं, जो वह हमें दिखाना चाहता है। सलीके से लिखी गई चैट्स, सोच-समझकर भेजे गए जवाब और खूबसूरत तस्वीरें एक भ्रम पैदा करती हैं। लेकिन असली प्यार सिर्फ अच्छी बातों से नहीं बनता है। जब आप किसी के सामने बैठते हैं, उसकी आंखों में देखते हैं, उसकी बॉडी लैंग्वेज समझते हैं और उसकी बिना कही बातों को महसूस करते हैं, वहां से सच्चा जुड़ाव शुरू होता है। स्क्रीन आपको सिर्फ अट्रैक्शन दे सकती है, गहराई तो आमने-सामने बैठकर ही महसूस होती है।
Newspoint
चैट पर हार्ट और किस वाले इमोजी भेजना बहुत आसान है। बीमार होने पर 'टेक केयर' लिख देना या उदास होने पर सैड इमोजी बना देना किसी भी रिश्ते की गहराई साबित नहीं करता है। डिजिटल दुनिया में हम अक्सर इन छोटे सिग्नल्स को बहुत बड़ा मान लेते हैं। जबकि असली प्यार तब दिखता है जब आप सच में बीमार हों और कोई आपकी दवाइयों का ख्याल रखे, आपके रोने पर स्क्रीन बंद करने के बजाय आपका हाथ थामकर बैठा रहे।
Newspoint
रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स कहते हैं कि डेटिंग ऐप्स और सोशल मीडिया ने हमें यह गलतफहमी दे दी है कि हमारे पास ऑप्शंस की कमी नहीं है। जरा सी खटपट हुई नहीं कि लोग दूसरे ऑप्शन की तलाश में स्वाइप करने लगते हैं। डिजिटल प्यार में ठहराव कम और भटकाव ज्यादा होता है। इसके उलट, असली प्यार किसी एक इंसान की खूबियों और खामियों दोनों को अपनाने का नाम है। जहां मुश्किलें आने पर ब्लॉक करने का बटन नहीं दबाया जाता, बल्कि बैठकर बात सुलझाई जाती है।
Newspoint
सोशल मीडिया पर हर कोई अपनी लाइफ का सबसे बेस्ट वर्जन दिखाता है। डिजिटल बातचीत में लोग अक्सर अपने गुस्से, मूड स्विंग्स या आदतों को छुपा लेते हैं। जब यही लोग असल जिंदगी में मिलते हैं, तो कई बार उम्मीदें टूट जाती हैं। सच्चा प्यार वही है जो बिना किसी फिल्टर के इंसान को स्वीकार करे, उसके बिखरे बाल, उसकी परेशानियां और उसकी कमियां, सब कुछ उसे अपना लगे।
Newspoint
रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि अगर आपकी बातचीत भी किसी से फोन पर बहुत अच्छी चल रही है, तो लंबे समय तक सिर्फ टेक्स्ट या कॉल के सहारे न रहें। रिश्ते को असली कसौटी पर परखने के लिए जरूरी है कि जल्दी से जल्दी पब्लिक प्लेस पर आमने-सामने मिलें। सिर्फ अच्छी बातें करने की बजाय एक-दूसरे की सोच, वैल्यूज और लाइफस्टाइल को समझें। ये देखें कि सामने वाला इंसान रोजाना की जिंदगी में दूसरों के साथ कैसा बर्ताव करता है।