बच्चों की सफलता हर माता-पिता के लिए बेहद खुशी की बात होती है। उनकी उपलब्धियों पर माता-पिता फूले नहीं समाते। लेकिन कई बार पैरेंट्स बच्चों की सफलता से इस कदर प्रभावित हो जाते हैं कि उनकी उपलब्धियों को ही अपनी पहचान बना लेते हैं। आलम यह होता है कि वे दूसरों के सामने बच्चों के नंबरों और कामयाबी का जिक्र करते नहीं थकते। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने एक बयान में माता-पिता की इसी आदत पर बात की है।
उन्होंने कहा कि जो मां-बाप अपने जीवन में ज्यादा सफल नहीं हुए हैं, वे बच्चों के रिपोर्ट कार्ड को अपना विजिटिंग कार्ड बना लेते हैं। ऐसे माता-पिता जिससे भी मिलते हैं, उसे अपने बच्चों की उपलब्धियों के बारे में बताने लगते हैं। उनकी यह बात पैरेंट्स को सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर उन्हें ऐसा करने से क्यों बचना चाहिए। आइए, इस लेख में प्रधानमंत्री मोदी की इस बात और उनके ऐसे ही कुछ अन्य विचारों के बारे में जानते हैं, जिनसे पैरेंट्स परवरिश की अहम सीख ले सकते हैं।

‘बच्चे को अच्छा आर्टिस्ट बनना है, वह बहुत बढ़िया ड्राइंग करता है, लेकिन मां-बाप कहते हैं कि नहीं, तुझे इंजीनियर या डॉक्टर बनना है। फिर उसका जीवन हमेशा तनाव में रहता है। इसीलिए मेरा मां-बाप और परिवारजनों से आग्रह है कि अपनी संतानों को समझने और जानने का प्रयास करें। उनकी इच्छाओं और क्षमताओं को समझें। उनके अंदर जो क्षमता है, उसके अनुरूप वे क्या करना चाहते हैं, इसे मॉनिटर करें। हो सके तो उनकी मदद कीजिए। अगर मान लीजिए, उन्हें खेल में रुचि है, तो उन्हें खेल प्रतियोगिताएं देखने के लिए ले जाइए। वे देखेंगे तो मोटिवेट होंगे।’ Image-narendramodi Instagram

प्रधानमंत्री मोदी की यह बात माता-पिता को बच्चों के करियर से जुड़ी एक आम गलती पर सोचने के लिए प्रेरित करती है। दरअसल, अक्सर पेरेंट्स बच्चों को उनकी पसंद का करियर चुनने की आजादी देने के बजाय उन पर डॉक्टर या इंजीनियर बनने का दबाव डालते हैं। ऐसे में बच्चे अपनी रुचि के अनुसार आगे नहीं बढ़ पाते और कई बार तनाव में भी आ जाते हैं। इसलिए माता-पिता को चाहिए कि वे बच्चों की इच्छाओं और क्षमताओं को समझें और उन्हें अपनी पसंद का करियर चुनने के लिए प्रोत्साहित करें। आखिरकार, माता-पिता का काम बच्चों के सपनों को बदलना नहीं, बल्कि उन्हें पूरा करने में मदद करना है।

‘कभी-कभी मैंने देखा है कि जो मां-बाप अपने जीवन में ज्यादा सफल नहीं हुए हैं, जिनके पास अपनी उपलब्धियों, सफलताओं और सिद्धियों के बारे में दुनिया को बताने के लिए कुछ नहीं होता, वे अपने बच्चों के रिपोर्ट कार्ड को ही अपना विजिटिंग कार्ड बना लेते हैं। किसी से भी मिलेंगे तो अपने बच्चों की कथा सुनाएंगे। अब यह नेचर भी जो है, वो बच्चे के मन में एक ऐसा भाव भर देता है कि मैं तो सब कुछ हूं और मुझे कुछ करने की जरूरत नहीं है। यह भी बहुत नुकसान करता है।’ Image-Narendra Modi Instagram
पीएम मोदी का यह बयान माता-पिता को परवरिश से जुड़ी एक अहम सीख देता है। अक्सर माता-पिता अपनी अधूरी इच्छाओं और सफलताओं को बच्चों के जरिए पूरा करने की कोशिश करते हैं। वे बच्चों की उपलब्धियों को अपनी पहचान तक बना लेते हैं। ऐसा करने से बच्चे के मन में यह भाव आ सकता है कि वह पहले से ही सब कुछ है और उसे आगे कुछ करने या सीखने की जरूरत नहीं है। इसलिए माता-पिता को बच्चों को अपनी अलग पहचान बनाने, अपनी पसंद चुनने और खुद के दम पर आगे बढ़ने का मौका देना चाहिए।
‘जीवन में रात कितनी ही अंधेरी क्यों न हो, लेकिन वह रात ही है और सुबह होना तय है। इसीलिए हमारे अंदर आत्मविश्वास और धैर्य होना चाहिए। कठिनाइयां मुझे विफल करने के लिए नहीं, बल्कि मजबूत बनाने के लिए हैं। मैं हमेशा ऐसे संकट और मुसीबतों को अवसर मानता हूं। इसके लिए धैर्य चाहिए। शॉर्टकट नहीं चाहिए। शॉर्टकट विल कट यू शॉर्ट। कोई शॉर्टकट नहीं होता है।’ Image-narendramodi Instagram
प्रधानमंत्री की यह बात पैरेंट्स को उस सीख की याद दिलाती है, जो वे अक्सर बच्चों को देते हैं। किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत जरूरी है और सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। पीएम के इस बयान के जरिए बच्चों को एक बार फिर समझाया जा सकता है कि मुश्किलें उन्हें कमजोर करने के लिए नहीं, बल्कि मजबूत बनाने के लिए आती हैं। इसलिए असफलताओं से घबराने के बजाय धैर्य और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते रहना चाहिए।