घर पर दही से मक्खन निकालना एक पारंपरिक कला है, लेकिन अक्सर सही जानकारी के अभाव में यह काम थकाऊ और समय लेने वाला बन जाता है। कई लोग शिकायत करते हैं कि उनका मक्खन बाजार जैसा दानेदार और सफेद नहीं बनता। इसी समस्या का समाधान कुकिंग एक्सपर्ट श्वेता खैरनार ने बताया है।
जिन्होंने दही से मक्खन बनाने की एक बेहद असरदार बर्फ वाली ट्रिक शेयर की है। जिसकी सबसे खास बात है कि इसमें आपको घंटों मेहनत करने की जरूरत नहीं पड़ती। बस तापमान का सही बैलेंस और ठंडे पानी का जादू मिनटों में मलाईदार मक्खन तैयार कर देता है।
मक्खन बनाने की शुरुआत दही के चुनाव से होती है। श्वेता खैरनार के अनुसार, अगर आप ज्यादा मात्रा में और बेहतर स्वाद वाला मक्खन चाहती हैं, तो थोड़ा खट्टा और गाढ़ा दही सबसे अच्छा काम करता है। हल्का खट्टापन फैट को जल्दी अलग करने में मदद करता है। फ्रिज से निकले हुए ठंडे दही का उपयोग करें ताकि मक्खन ढीला न पड़े।
सबसे पहले एक गहरे बाउल में 2-3 कप दही लें। अब आप हैंड विस्क, ब्लेंडर या यहां तक कि एक बड़े चम्मच का उपयोग भी कर सकती हैं। इसे कुछ मिनटों तक लगातार एक ही डायरेक्शन में फेंटें। कुछ देर मथने के बाद दही की बनावट बदलने लगेगी और वह थोड़ा हल्का होने लगेगा।
यही वह समय है जब श्वेता खैरनार की खास ट्रिक काम आती है। दही मथते समय धीरे-धीरे आधा से एक कप बर्फ जैसा ठंडा पानी डालें। ठंडा पानी डालने से फैट तुरंत जमने लगता है और दही से अलग होकर ऊपर तैरने लगता है। अगर आप गर्म या सामान्य पानी का इस्तेमाल करेंगी, तो मक्खन पिघल सकता है और उसकी बनावट खराब हो जाएगी।
जैसे-जैसे आप ठंडा पानी डालकर मथती रहेंगी, आपको दही की सतह पर छोटे-छोटे सफेद दाने दिखाई देने लगेंगे। थोड़ी ही देर में ये दाने आपस में जुड़कर बड़े गुच्छों की दिखेंगे। जब सारा मक्खन ऊपर तैरने लगे और नीचे सिर्फ पतला तरल रह जाए, तो समझ लें कि प्रक्रिया पूरी हो गई है।
एक बार जब मक्खन इकट्ठा हो जाए, तो इसे हाथ या चम्मच की मदद से धीरे से निकाल लें। अब एक और बाउल में ठंडा पानी लें और मक्खन को उसमें 2-3 बार अच्छी तरह धोएं। ऐसा करने से मक्खन के अंदर मौजूद दही का खट्टापन निकल जाता है और इसकी शेल्फ लाइफ बढ़ जाती है। धोने के बाद मक्खन एकदम सफेद और ताज़ा नजर आएगा।
मक्खन निकालने के बाद जो सफेद तरल बचता है, वह और कुछ नहीं बल्कि शुद्ध छाछ है। श्वेता खैरनार की सलाह है कि इसे कभी न फेंकें। इसमें थोड़ा सा भुना हुआ जीरा, काला नमक और धनिया डालकर आप बेहतरीन मसाला छाछ तैयार कर सकती हैं। यह पाचन के लिए बहुत फायदेमंद होती है।
तापमान का रखें ध्यान- अगर गर्मी का मौसम है, तो पानी के साथ-साथ कुछ बर्फ के टुकड़ों का भी इस्तेमाल करें। स्टोर कैसे करें- तैयार मक्खन को एक कांच के बर्तन में रखें और फ्रिज में स्टोर करें। यह एक हफ्ते तक ताजा रहता है। बाजार जैसा लुक- अगर आप पीला मक्खन चाहती हैं, तो मथते समय एक चुटकी हल्दी या केसर का पानी डाल सकती हैं। डिस्क्लेमर: इस लेख में किए गए दावे इंस्टाग्राम वीडियो और इंटरनेट पर मिली जानकारी पर आधारित हैं। एनबीटी इसकी सत्यता और सटीकता जिम्मेदारी नहीं लेता है।