दक्षिण कोरिया की महिला ने तलाक के बाद मनाया जश्न, सोशल मीडिया पर छाई चर्चा
नई दिल्ली: तलाक का नाम सुनते ही अक्सर रिश्तों में दरार, कानूनी झगड़े और उदासी का ख्याल आता है। लेकिन दक्षिण कोरिया की एक महिला ने इस धारणा को चुनौती दी है। शादी के अंत के बाद, उन्होंने नई जिंदगी की शुरुआत का जश्न मनाने का फैसला किया। उनकी 'डिवोर्स सेरेमनी' का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रिपोर्टों के अनुसार, 37 वर्षीय कंटेंट क्रिएटर और सिंगल मदर चो सेउंग-योन ने तलाक के बाद एक समारोह का आयोजन किया। इस खास मौके पर वह दुल्हन की तरह सजी-धजी नजर आईं। उन्होंने एक चमकदार ड्रेस पहनी और उनके करीबी दोस्तों ने इस समारोह में भाग लिया। दोस्तों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया और सभी ने मिलकर केक काटा। चो ने इस समारोह का वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया।
रिपोर्ट के अनुसार, चो का यह आयोजन केवल एक पार्टी नहीं था, बल्कि यह तलाक के प्रति समाज की नकारात्मक सोच को चुनौती देने का प्रयास भी था। कई स्थानों पर तलाकशुदा महिलाओं को अलग नजर से देखा जाता है और रिश्ते के अंत को उनकी असफलता मान लिया जाता है। चो का मानना है कि शादी का टूटना जीवन का अंत नहीं है। उनके लिए यह समारोह अपनी पहचान और स्वतंत्रता को फिर से अपनाने का एक तरीका था। वह शादी के अंत के बाद जीवन के नए अध्याय का स्वागत करना चाहती थीं। उनका संदेश है कि किसी रिश्ते से बाहर आने के बाद भी इंसान आगे बढ़ सकता है और खुश रहने का हक रखता है।
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर 'aprilsycho' नामक पेज से साझा किया गया। जैसे ही यह पोस्ट सामने आया, यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया। कई लोगों ने चो के निर्णय की सराहना की और इसे साहसिक कदम बताया। हालांकि, कुछ यूजर्स को तलाक का इस तरह जश्न मनाना अजीब लगा। एक यूजर ने लिखा कि खराब रिश्ते में घुटने से बेहतर है कि इंसान मुस्कुराते हुए जिंदगी को फिर से शुरू करे। एक अन्य यूजर ने कहा कि समाज के दबाव के बावजूद ऐसा कदम उठाने के लिए हिम्मत चाहिए। चो की कहानी ने यह चर्चा छेड़ दी है कि तलाक को दुख या असफलता से जोड़कर देखना कितना उचित है। हर व्यक्ति अपने अनुभव और परिस्थितियों के अनुसार आगे बढ़ता है। चो ने अपने तरीके से नए जीवन का स्वागत किया है, जिसे कुछ लोग प्रेरणादायक मानते हैं, जबकि कुछ इससे असहमत हैं।