Paan Ka Sharbat Recipe: गर्मियों में पिएं ठंडा-ठंडा पान का शरबत, जानें स्टेप-बाय-स्टेप आसान रेसिपी

गर्मी के दिन आते ही ठंडे ड्रिंक पीने में टेस्टी लगते हैं। गर्मी के कारण शरीर में पानी की कमी होने लगती है। ऐसे में गर्मी से राहत पाने और प्यास बुझाने के लिए Paan Ka Sharbat Recipe बहुत काम आती है। पान का ठंडा शरबत पीने में लाजवाब होता है। पेट को आराम देने के लिए भी ये ड्रिंक अच्छा माना जाता है। पान के पत्तों की तासीर ठंडी होती है। इससे हाजमा भी अच्छा रहता है। इस शरबत में सौंफ और मिश्री का इस्तेमाल किया जाता है। ये चीजें पेट की गर्मी को दूर करने में मदद करेंगी। खास बात ये है कि इस ड्रिंक को घर के सामान से आसानी से बनाया जा सकता है।
Hero Image


सौंफ को तैयार करने का तरीका

शरबत को बनाने के लिए सबसे पहले आधा कप हरी सौंफ लेनी हैं। ध्यान रखा जाना चाहिए कि खाने वाली छोटी सौंफ का ही इस्तेमाल करना है। इस सौंफ को नॉर्मल पानी में करीब छह से सात घंटे भिगोकर रख दें। समय पूरा होने के बाद सौंफ को निकाल लें। जिस पानी में सौंफ को भिगोया गया था उसे बाद में इस्तेमाल के लिए रख लें। अब भीगी हुई सौंफ में थोड़ा सा वही पानी डालकर बारीक पेस्ट जैसा पीस लें।

पान के पत्तों का पेस्ट बनाना

इसके बाद करीब 15 से 20 पान के ताजा हरे पत्ते लें। पान के पत्तों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। इसके बाद सौंफ का जो पानी बचा है उसे डालकर इन पत्तों को पीस लें। पान के पत्तों को भी एकदम बारीक पेस्ट जैसा पीसकर तैयार करना है। पत्ते अच्छी तरह पिस जाने के बाद पिसे हुए पान के पेस्ट को पहले से तैयार पिसी सौंफ में मिला दें।


शरबत में मिठास और स्वाद के लिए

शरबत को मीठा बनाने के लिए 250 ग्राम धागे वाली मिश्री को छोटे टुकड़ों में तोड़ लें। मिश्री के अंदर मौजूद धागे निकाल दें। इसमें आठ से दस इलायची डालकर मिश्री को मिक्सी में पीसकर पाउडर बना लें। पाउडर तैयार होने पर उसे भी सौंफ और पान वाले बाउल में डाल दें। स्वाद को बेहतर करने के लिए इसमें एक छोटा चम्मच काला नमक डाला जा सकता है।

शरबत के पेस्ट को छानना और स्टोर करना

अब इन सारी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें। अगर पेस्ट बहुत गाढ़ा लगे तो सौंफ वाला बचा हुआ पानी छानकर मिला दें। इसके बाद तैयार पेस्ट को किसी मोटे छेद वाली छन्नी से छान लें। छानने से पेस्ट साफ हो जाएगा और शरबत पीते समय मुंह में टुकड़े नहीं आएंगे। अब इसे कांच की बोतल या जार में स्टोर किया जा सकता है। जब भी पीना हो इसमें से थोड़ा शरबत मिक्स निकालकर ठंडा पानी मिलाकर पिया जा सकता है।


बिना नमक वाले शरबत के फायदे

अगर इस शरबत में नमक नहीं डाला जाए तो इसे दूध में मिलाकर भी पिया जा सकता है। इस तरह तैयार किए गए पान के शरबत मिक्स को पंद्रह दिनों तक स्टोर करके इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे सब्जा सीड्स या चिया सीड्स के साथ भी पिया जा सकता है। बस दो या तीन चम्मच सब्जा सीड्स को तीन घंटे के लिए पानी में भिगो दें।

पीने के लिए ड्रिंक तैयार करने का आसान तरीका

ड्रिंक तैयार करने के लिए एक गिलास में पुदीने के थोड़े से पत्ते मसलकर डाल दें। इसमें दो चम्मच भीगे हुए सब्जा सीड्स और दो आइस क्यूब डाल दें। अब तैयार किए गए पान के शरबत को मिक्स करके दो से तीन बड़े चम्मच गिलास में डाल दें। ऊपर से ठंडा पानी या सोडा भी डाला जा सकता है। इन सबको अच्छी तरह मिक्स करना चाहिए। तैयार है पान का ठंडा शरबत। इसे पूरी गर्मी में पिया जा सकता है।