Newspoint Logo

Navratri Special Recipe: इस आसान ट्रिक से बिना चिपके और टूटे बनेगा परफेक्ट गोल साबूदाना चीला

Newspoint
19 मार्च 2026 से नवरात्रि शुरू हो रही हैं। बहुत से लोग इस समय व्रत रखते हैं और मां की पूजा करते हैं। कुछ लोग सिर्फ पहले और आखिरी दिन उपवास रखते हैं। वहीं कुछ लोग पूरे नौ दिन का व्रत करते हैं। व्रत के समय सात्विक और फलाहार खाने का चलन है। लोग साबूदाना, समा के चावल, कुट्टू का आटा और सिंघाड़े का आटा खाते हैं। व्रत रखने वाले इस व्रत में साबूदाना चीला ट्राई कर सकते हैं। साबूदाने का चीला खाने में टेस्टी लगता है। इसे बनाने में बहुत कम तेल लगता है। व्रत में हेल्दी नाश्ता खाने का मन हो तो साबूदाना चीला बना सकते हैं। इसे खाते ही पेट भर जाता है।

बिना टूटे चीला बनाने की तैयारी

साबूदाना का चीला बनाने की खास ट्रिक है। जिससे चीला तवे पर चिपकता नहीं है और टूटता भी नहीं है। इस ट्रिक से चीला गोल भी बनता है। बहुत से लोगों से बनाते समय चीला फट जाता है। लेकिन सही तरीके से बनाने पर ऐसा नहीं होता है। चीला बनाने के लिए साबूदाना और समा के चावल की जरूरत होती है। एक कप साबूदाना और एक कप समा के चावल ले लें। साबूदाने को पानी से अच्छी तरह साफ करना है। इसे तीन या चार बार पानी से धो लें।

साबूदाना और समा के चावल भिगोना

धोने के बाद साबूदाने को पानी में भिगोकर रखना है। इसे चार से पांच घंटे के लिए पानी में छोड़ दें। ध्यान रहे कि साबूदाने के ऊपर सिर्फ एक इंच तक पानी रहे। इससे साबूदाना अच्छी तरह फूल जाता है। साबूदाने के साथ समा के चावल को भी चार से पांच घंटे के लिए पानी में भिगो दें। जब चावल भीग जाएं तो उन्हें चेक कर लें। चावल में पानी ज्यादा लगे तो उसे निकाल दें।

मिक्सी में बारीक पेस्ट बनाना

भीगने के बाद साबूदाने और समा के चावल को पीसना होता है। मिक्सी के जार में साबूदाना डालें। साबूदाने को पीस कर फाइन और बारीक पेस्ट बनाकर तैयार कर लें। साबूदाने का पेस्ट अलग बर्तन में निकाल लें। अब मिक्सी में समा के चावल डालें। समा के चावल के साथ दो या तीन बड़े चम्मच ताजा दही डाल दें। दही डालने से चीले का स्वाद बहुत अच्छा आता है और ये मुलायम बनता है। समा के चावल और दही को बारीक पेस्ट की तरह पीस लें।

चीले का बैटर तैयार करना

अब साबूदाना और समा के चावल के पेस्ट को मिलाना है। दोनों पेस्ट को एक बर्तन में डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। इस समय बैटर को चेक कर लें। अगर बैटर गाढ़ा लगे तो उसमें थोड़ा पानी डाल दें। बैटर को चीला बनाने के हिसाब से पतला कर लें।

बैटर में टेस्ट वाली चीजें मिलाना

बैटर में टेस्ट के लिए बारीक कटी हरी मिर्च डालें। साथ में बारीक कटा हरा धनिया डाल दें। टेस्ट बढ़ाने के लिए एक टमाटर बारीक काटकर मिला दें। दो कच्चे आलू कद्दूकस करके बैटर में डाल दें। व्रत वाला नमक टेस्ट के अनुसार मिला लें। अदरक का टेस्ट पसंद है तो थोड़ा अदरक भी डाल सकते हैं। सारी चीजों को बैटर में मिला लें। चीला बनाने के लिए बैटर तैयार है।

तवे पर चीला पकाना

चीला पकाने के लिए गैस पर तवा गर्म कर लें। तवे पर थोड़ा घी डालें। गैस की आंच कम या बीच पर रखें। तवे पर बैटर डालकर गोल फैला लें। चीले को एक तरफ से सेंक लें। एक तरफ सिकने के बाद उसे पलट दें। इसे दूसरी तरफ से भी सेंक लें। गैस की आंच बढ़ा दें। चीले को कलछी से हल्का दबाते हुए सेंक लें ताकि वो अंदर तक अच्छी तरह से पक जाए। गोल और बिना टूटा साबूदाना चीला तैयार है। इसे दही या चटनी के साथ भी खा सकते हैं।







Hero Image


More from our partners
Loving Newspoint? Download the app now
Newspoint