Deep Frying Food Tips: पकौड़े तलते समय कैसे चुने सही तेल तापमान और, जानें पूरी जानकारी

जब भी घरो में समोसे, पकौड़े या कोई तली हुई चीजें बनती हैं, तो अक्सर देखा जाता है कि उनमें बहुत ज्यादा तेल भर जाता है। प्लेट में, हाथ में और खाने के हर निवाले में तेल महसूस होता है। इसी वजह से बहुत से लोग अपनी पसंद की इन चीजों को खाने से कतराते हैं। ज्यादा तेल वाला खाना न सिर्फ स्वाद बिगाड़ता है, बल्कि सेहत के लिए भी सही नहीं माना जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर सही तरीके से डीप फ्राइंग की जाए, तो खाना कम तेल सोखता है। मशहूर शेफ संजीव कपूर ने कुछ ऐसी काम की बातें बताई हैं, जो डीप फ्राइंग के लिए बहुत मददगार साबित हो सकती हैं।
Hero Image


डीप फ्राइंग की सही जानकारी

शेफ संजीव कपूर के मुतीबिक, डीप फ्राइंग करते समय कई बातों का ध्यान रखना पड़ता है। इसमें तेल की क्वालिटी, कढ़ाही की गहराई और चीजों को तेल में डालने का सही समय बहुत मायने रखता है। अगर किसी को ये सही जानकारी हो, तो घर पर भी बिल्कुल होटल जैसे क्रिस्पी और कम ऑयली स्नैक्स बनाए जा सकते हैं। अगर आप चाहते है कि, आपकी बनाई हुई तली चीजें ज्यादा तेल न पिएं, तो बताई गई ट्रिक्स को फॉलो करे।

सही तेल का चुनाव

डीप फ्राइंग में सबसे पहली और जरूरी चीज है सही तेल का चुनाव करना। संजीव कपूर बताते हैं कि तलने के लिए हमेशा ऐसे तेल का इस्तेमाल करना चाहिए जिसका स्मोक पॉइंट ज्यादा हो। स्मोक पॉइंट वह तापमान होता है जिस पर तेल जलने लगता है। रिफाइंड तेल, मूंगफली का तेल या सरसों का तेल डीप फ्राइंग के लिए अच्छे माने जाते हैं। अगर कम स्मोक पॉइंट वाले तेल का इस्तेमाल किया जाता है, तो वह जल्दी जल जाता है और खाना भी ज्यादा तेल सोख लेता है।


तेल का तापमान

अक्सर जल्दबाजी में लोग ठंडे या हल्के गर्म तेल में ही चीजें डाल देते हैं। ये तरीका बिल्कुल गलत है, कच्चे या गुनगुने तेल में समोसे या पकौड़े डालने से वे जल्दी तेल पीना शुरू कर देते हैं और ऑयली हो जाते हैं। इसलिए हमेशा इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि तेल अच्छी तरह से गर्म हो जाए। जब तेल सही गर्म होता है, तो चीजें डालते ही तुरंत ऊपर आ जाती हैं और वे कम तेल सोखती हैं।

एक साथ ज्यादा चीजें न डालें

कढ़ाही में एक बार में बहुत सारे समोसे, पकौड़े या फ्रेंच फ्राइज डालना सही नहीं है। जब एक साथ बहुत सारी चीजें डाली जाती हैं, तो तेल का तापमान अचानक गिर जाता है। तापमान कम होने से फ्राइंग ठीक से नहीं हो पाती और चीजें चिपचिपी हो जाती हैं। इसलिए थोड़ी-थोड़ी मात्रा में ही चीजों को फ्राई करना चाहिए ताकि तेल का तापमान बना रहे।


चीजों को बार-बार न चलाएं

कई लोगों की आदत होती है कि वे कढ़ाही में चीजें डालते ही उसे कलछी से हिलाने लगते हैं। पूरी या पकौड़े तलते समय ऐसा करने से बचना चाहिए। शुरुआत में जब चीजें कच्ची होती हैं, तो उनकी बाहरी परत बहुत नाजुक होती है। बार-बार छेड़ने से यह परत टूट सकती है और तेल अंदर भर सकता है। पहले चीजों को तेल में थोड़ा सेट होने दें, उसके बाद ही उन्हें हल्के हाथों से पलटना चाहिए।

फ्राइंग से पहले नमी सुखा लें

अगर आलू, कोई सब्जी या ऐसी कोई चीज फ्राई करनी है। जिसे पहले पानी में भिगोया गया था, तो उसे तलने से पहले अच्छी तरह सूखा लेना चाहिए। पानी और तेल का मेल सही नहीं होता। अगर गीली चीजें तेल में डाली जाती हैं, तो तेल के छींटे उड़ सकते हैं। इसके अलावा, नमी की वजह से चीजें कुरकुरी नहीं बन पाती हैं और वे नरम रह जाती हैं।

तापमान चेक करने का तरीका

अगर यह समझ नहीं आ रहा है कि तेल सही गर्म हुआ है या नहीं, तो इसे चेक करने का एक आसान तरीका है। जो भी चीज बनानी है, उसका एक छोटा सा टुकड़ा तेल में डालकर देखें। अगर वह टुकड़ा तुरंत तैरकर तेल के ऊपर आ जाता है, तो इसका मतलब है कि तेल तलने के लिए बिल्कुल तैयार है। अगर वह नीचे बैठ जाता है, तो तेल को और गर्म होने देना चाहिए।

ब्रेड क्रम्स का सही इस्तेमाल

कटलेट या ऐसी चीजें बनाते समय लोग ब्रेड क्रम्स का इस्तेमाल करते हैं। अगर कोटिंग ठीक से नहीं की गई हो, तो ये क्रम्स तेल में गिरकर जलने लगते हैं और तेल खराब हो जाता है। इसलिए ब्रेड क्रम्स की कोटिंग अच्छे से करनी चाहिए। फ्राई करने से पहले चीजों को हल्का झाड़ लेना चाहिए ताकि एक्स्ट्रा क्रम्स निकल जाएं और तेल साफ रहे।