सब्जियों में हरा धनिया डालने से न सिर्फ सब्जी दिखने में अच्छी लगती है, बल्कि उसका स्वाद भी काफी अच्छा हो जाता है। धनिया पत्ती खाने का एक ज़रूरी हिस्सा है। चाहे दाल को सजाना हो या चटपटी चटनी बनानी हो इसके बिना हर डिश अधूरी लगती है। लेकिन धनिया के साथ सबसे बड़ी दिक्कत ये है कि ये बहुत जल्दी मुरझा जाता है या सड़कर काला पड़ जाता है। अक्सर लोग बाज़ार से ताज़ा धनिया खरीदते हैं और दो दिन में ही ये खराब हो जाता है। अगर धनिया को सही तरीके से रखा जाए तो इसे 15 दिनों तक बिल्कुल ताजा और खुशबूदार बनाए रखा जा सकता है।
एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल
धनिया को लंबे समय तक सुरक्षित रखने का सबसे अच्छा तरीका इसे पेपर टॉवल में लपेटकर एयरटाइट कंटेनर में रख दिया जाए। बाजार से धनिया लाने के बाद सबसे पहले उसकी जड़ें काट दें। इसके बाद खराब या पीली पत्तियों को चुनकर अलग कर दें ताकि वे बाकी पत्तियों को खराब न करें। ध्यान रखें कि धनिये में नमी न हो। अगर पत्तियां गीली हैं तो उन्हें पंखे के नीचे अच्छी तरह सुखा लें क्योंकि नमी की वजह से ही धनिया जल्दी सड़ता है। अब एक एयरटाइट प्लास्टिक या कांच का डिब्बा लें और उसके नीचे एक टिशू पेपर बिछा दें। धनिया को उस पर रखकर ऊपर से एक और टिशू पेपर से ढक दें। डिब्बे को बंद करके फ्रिज में रख दें।टिशू पेपर सारी नमी सोख लेगा और धनिया लंबे समय तक खराब नहीं होगा।
पानी की मदद से रखें ताजा
अगर आप धनिया को बिना धोए तुरंत इस्तेमाल करना चाहते है, तो ये तरीका बहुत काम आता है। इसके लिए एक गिलास में थोड़ा सा पानी भरें। अब धनिया के गुच्छे को इस तरह गिलास में रखें कि उसकी डंडियां पानी में रहें लेकिन पत्तियां पानी के लेवल से ऊपर रहें। इसके बाद इसे एक प्लास्टिक बैग से हल्का सा ढक दें और फ्रिज में रख दें। ये तरीका धनिया को हाइड्रेटेड रखता है जिससे पत्तियां मुरझाती नहीं हैं और बिल्कुल ताजी बनी रहती हैं।
जिपलॉक बैग की खास तकनीक
धनिया को सुरक्षित रखने के लिए जिपलॉक बैग का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। सबसे पहले धनिया को साफ कर लें और बिना धोए इसे एक जिपलॉक बैग में डाल दें। बैग को बंद करने से पहले ये पक्का करें कि उसके अंदर की सारी हवा बाहर निकल गई हो। बैग में हवा कम रहने से गलने की प्रक्रिया बहुत धीमी हो जाती है। इस तरीके से धनिया हफ्तों तक अपनी ताजगी नहीं खोता है। ये तरीका उन लोगों के लिए बहुत फायदेमंद है, जिनके पास फ्रिज में जगह कम होती है।
नमी से बचाना है जरूरी
धनिया के जल्दी खराब होने का सबसे बड़ा कारण नमी और हवा का सीधा संपर्क होता है। जब पत्तियों पर पानी की बूंदें रह जाती हैं, तो वे बैक्टीरिया के पनपने की जगह बन जाती हैं। इसलिए चाहे कोई भी तरीका अपनाएं सबसे जरूरी बात ये है कि धनिया पूरी तरह सूखा होना चाहिए। अगर धनिया को साफ करते समय कुछ खराब पत्तियां बीच में रह जाती हैं तो वे बहुत जल्दी दूसरी अच्छी पत्तियों को भी सड़ा देती हैं। इसलिए स्टोर करने से पहले सफाई पर पूरा ध्यान देना चाहिए।