पेट डॉग के साथ वेकेशन पर जा रहे हैं? ये 4 बातें पहले जान लें, नहीं होगी कोई टेंशन

आजकल लोग अपने पालतू डॉग्स को भी फैमिली मेंबर की तरह हर जगह साथ ले जाते हैं, यहां तक कि ट्रैवलिंग और वेकेशन पर भी। लेकिन डॉग के साथ घूमने जाना इतना आसान नहीं होता। अगर आप भी अपने फर्री फ्रेंड के साथ छुट्टियां बिताने की सोच रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें, ताकि आपकी ट्रिप मज़ेदार और टेंशन-फ्री हो जाए।
Hero Image


1. हेल्थ चेकअप है सबसे जरूरी

कहीं भी निकलने से पहले अपने डॉग का हेल्थ चेकअप ज़रूर कराएं। डॉक्टर से पूछ लें कि ट्रैवलिंग उसके लिए सेफ है या नहीं। उसे सभी ज़रूरी वैक्सीनेशन दिलवाएं और दवाइयां साथ में रखें। हेल्थ सर्टिफिकेट और वैक्सीन कार्ड भी साथ ले जाना न भूलें। साथ ही डॉग को म्यूनिसिपल वेबसाइट पर रजिस्टर करवा लें ताकि आपके पास एक पेट ओनर सर्टिफिकेट रहे।


2. ट्रेवल मोड के नियम जानें

अगर आप ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं, तो ध्यान रखें कि सिर्फ फर्स्ट क्लास डिब्बे में ही डॉग को ले जाने की अनुमति होती है, वो भी पहले से बुकिंग करके। वहीं अगर आप फ्लाइट से ट्रैवल कर रहे हैं, तो कुछ खास शर्तों के साथ ही छोटे डॉग्स को केबिन में ले जाया जा सकता है—जैसे कि वजन की सीमा, वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट और सुरक्षित कैरी बॉक्स होना जरूरी है। बाकी मामलों में डॉग्स को आमतौर पर कार्गो सेक्शन में ही भेजा जाता है।


3. ट्रैवल डेस्टिनेशन सोच-समझकर चुनें

घूमने की जगह ऐसी होनी चाहिए जहां मौसम डॉग के लिए ठीक हो। बहुत गर्म या बहुत ठंडी जगहों से बचें। साथ ही ऐसे होटल या होमस्टे बुक करें जो पेट्स फ्रेंडली हों। भारत में हर जगह डॉग्स को एंट्री नहीं मिलती, इसलिए पहले से पूरी जानकारी ले लें।

4. पैकिंग में डॉग का खास ख्याल रखें

डॉग के लिए एक अलग बैग तैयार करें। उसमें उसका खाना, पानी का बर्तन, दवाइयां, पसंदीदा टॉय, कंबल और मूजल (मुंह पर लगाने वाला गियर) रखें। कार में ले जा रहे हैं तो उसके हिसाब की सीट या डॉग कार सेफ्टी बेल्ट भी रखें।



डॉग के साथ ट्रैवल करना जितना एक्साइटिंग होता है, उतना ही प्लानिंग भरा भी होता है। लेकिन अगर आप सही तैयारी और सावधानी के साथ ट्रिप पर निकलते हैं, तो यह आपके और आपके फर्री फ्रेंड के लिए हमेशा यादगार साबित होगा। तो अगली बार जब भी घूमने जाएं, इन टिप्स को ज़रूर ध्यान में रखें।