5 तरह के लिक्विड फर्टिलाइजर घर पर बनाएं, फल-फूल से लदे रहेंगे पेड़-पौधे

Newspoint

पौधों को हरा-भरा बनाए रखने के लिए ये बहुत जरूरी है कि मिट्टी की उर्वरक क्षमता बनी रहे. इसके लिए समय-समय पर खाद तो देनी ही चाहिए, वहीं लिक्विड फर्टिलाइजर काफी काम आता है. कई बार पेड़-पौधे हरे-भरे तो रहते हैं, लेकिन इनपर फल-फूल सही से नहीं आते हैं. ऐसे में आप घरेलू चीजों से ही लिक्विड फर्टिलाइजर बनाकर पौधों में दे सकते हैं. इससे आपके पौधों की ग्रोथ तो बढ़िया होगी ही और फल-फूल भी खूब आते हैं. इस आर्टिकल में जानेंगे 5 तरह के नेचुरल लिक्विड फर्टिलाइजर बनाने का तरीका.

बाजार में कई तरह के फर्टिलाइजर आपको मिल जाएंगे, लेकिन इनमें पोषक तत्वों के साथ ही केमिकल भी होता है. वहीं आप घर में ही कई चीजों से लिक्विड फर्टिलाइजर बनाकर तैयार कर सकते हैं. इसके लिए आपको बहुत ज्यादा पैसे खर्च करने की भी जरूरत नहीं पड़ती है.

गोबर से बनाएं फर्टिलाइजर

पौधों के लिए गोबर सबसे बेहतरीन खाद में से एक माना जाता है. आप इससे लिक्विड फर्टिलाइजर भी तैयार कर सकते हैं. इससे पौधों को अच्छे माइक्रोब्स और नाइट्रोजन मिलती है. 1 किलो गोबर को एक बाल्टी पानी में 2-3 दिन या फिर 1 हफ्ते के लिए ढककर रख दें. इसके बाद इसे छान लें और सारे पौधों की जड़ों में डाल दें.

सरसों की खली का फर्टिलाइजर

आप सरसों की खली का लिक्विड फर्टिलाइजर बना सकते हैं. इससे आपके पौधों को नाइट्रोजन के साथ ही पोटेशियम, मैग्नीशियम, सल्फर और फास्फोरस भी मिलता है. सरसों की खली को पानी में डालकर 4-5 दिन के लिए किसी कंटेनर में बंद करके छोड़ दें. जब ये अच्छी तरह फर्मेंट हो जाए तो इसमें थोड़ा सा सादा पानी डालें और पतला करके पौधों की जड़ों में डाल दें.

छाछ का फर्टिलाइजर है कमाल

पौधों के लिए छाछ का फर्टिलाइजर भी कमाल असर दिखाता है. इसके लिए आपको पुरानी-खट्टी छाछ चाहिए होती है. इसमें आप चार गुना पानी मिलाएं और पौधों में दे दें. खासकर गुलाब, मिर्च, टमाटर, मोगरा, पपीता के लिए ये बेहतरीन फर्टिलाइजर माना जाता है. ध्यान रखें कि छाछ गाढ़ी नहीं होनी चाहिए, वरना फंगस लग सकती है.

फल-सब्जी के छिलके आएंगे काम

आपकी रसोई में सब्जियों और फलों के छिलके तो होते ही होंगे. इन्हें अलग इकट्ठा कर लिया करें. इसके बाद एक डिब्बे में डाल दें और उसे ऊपर तक पानी से भर दें. इसे फर्मेंट होने के लिए कुछ दिन छोड़ दें. इसके बाद छानकर पौधों में डाल दिया करें. इससे पौधे हरे-भरे रहते हैं और फल-फूल भी आते रहते हैं.

केले के छिलके का फर्टिलाइजर

आप सिर्फ केले के छिलके का लिक्विड फर्टिलाइजर भी बना सकते हैं. ये भी पौधों पर फल-फूल लाने के प्रोसेस को तेज करने के लिए बढ़िया माना जाता है, क्योंकि ये पोटेशियम का बढ़िया सोर्स है. इसके लिए केले के छिलकों को छोटे टुकड़ों में तोड़कर 2-3 दिन के लिए पानी में डालकर छोड़ देना होता है. इसके बाद छानकर पानी को पौधों में डाल दें.

ये भी पढ़ें: स्टेज पर भी बोलने से नहीं डरेगा आपका बच्चा, ऐसे बढ़ाए उसका कॉन्फिडेंस

Hero Image