शिल्पा शिंदे ने उड़ाया बीमारी का मजाक, तो भड़कीं हिना खान ने सीधे PM मोदी से लगा दी गुहार

Newspoint

टीवी इंडस्ट्री के दो सबसे बड़े नाम, शिल्पा शिंदे और हिना खान, एक बार फिर आमने-सामने हैं। इनके बीच की पुरानी दुश्मनी अब सोशल मीडिया पर एक बेहद कड़वी जंग में तब्दील हो चुकी है। मामला तब और गरमा गया जब शिल्पा शिंदे ने हिना खान की गंभीर बीमारी (कैंसर) का नाम लेकर उन पर तंज कसा। इस पर हिना खान का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने सीधे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक अनोखी अपील कर डाली। आइए जानते हैं क्या है यह पूरा विवाद।

शिल्पा शिंदे के ‘झूठे केस’ वाले कबूलनामे से शुरू हुआ बवाल

यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब ‘भाबीजी घर पर हैं’ फेम शिल्पा शिंदे ने भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट पर एक चौंकाने वाला खुलासा किया। शिल्पा ने कबूल किया कि साल 2016 में उन्होंने शो के मेकर्स के खिलाफ यौन उत्पीड़न (Sexual Harassment) का झूठा मामला दर्ज कराया था। इस कबूलनामे के बाद से ही सोशल मीडिया पर उनकी भारी थू-थू हो रही है। आम यूजर्स के साथ-साथ कई टीवी सेलिब्रिटीज ने भी उनके इस कदम की कड़ी आलोचना की।

इसी बीच, बिग बॉस 11 में उनकी को-कंटेस्टेंट रहीं हिना खान ने भी शिल्पा के इस कदम को एक ‘क्राइम’ (अपराध) करार दिया था। हिना के इस बयान के बाद शिल्पा शिंदे भड़क गईं और दोनों के बीच जुबानी तीर चलने शुरू हो गए।

जब शिल्पा शिंदे ने हिना खान की बीमारी पर उड़ाया मजाक

गुरुवार को शिल्पा शिंदे ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने हिना खान को जमकर लताड़ा। शिल्पा ने हिना पर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इस्तेमाल करके पब्लिसिटी बटोरने का आरोप लगा दिया। शिल्पा ने वीडियो में कहा, “पता नहीं लोग मेरे नाम का इस्तेमाल करके पब्लिसिटी लेना कब बंद करेंगे। लेकिन चलती ट्रेन पर मत चढ़ो, वरना चोट लग जाएगी, है ना? पब्लिसिटी पाने के लिए, आप बीमार हैं, आपके परिवार में मौतें हुई हैं, तो आपको शिल्पा शिंदे की क्या ज़रूरत है, है ना? आप तो पहले से ही बहुत पॉपुलर हैं।”

इतना ही नहीं, शिल्पा ने झूठा केस दर्ज कराने के अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा, “साम, दाम, दंड, भेद के बारे में पढ़िए, अगर नहीं पढ़ा है, तो महाभारत देखिए।” उन्होंने कहा कि आज उनमें सच बोलने की हिम्मत है और वो किसी की आलोचना से नहीं डरतीं क्योंकि उस समय उन्होंने अकेले ही लड़ाई लड़ी थी।

हिना खान का करारा पलटवार, पीएम मोदी से की ये अपील

शिल्पा शिंदे के इस वीडियो के बाद हिना खान शांत नहीं बैठीं। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक बेहद तीखा और तंज भरा पोस्ट शेयर किया। हिना ने सीधे देश के बड़े नेताओं को टैग करते हुए लिखा:

“भारत के माननीय प्रधानमंत्री, भारत के माननीय राष्ट्रपति और भारत के लॉ मिनिस्टर्स, प्लीज उन सभी अपराधियों को रिहा करें जिन्होंने अपराध करने के बाद अपना जुर्म कबूल कर लिया है। क्योंकि उनमें हिम्मत है। क्योंकि वे योद्धा हैं। क्योंकि वे सच्चाई के साथ खड़े हैं और इसलिए भी क्योंकि अपराध करते समय किसी ने उनका साथ नहीं दिया।”

हिना खान का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने शिल्पा शिंदे के ‘सच बोलने की हिम्मत’ वाले तर्क पर जोरदार कटाक्ष किया है।

Hero Image
‘बिग बॉस 11’ के दिनों से ही कट्टर दुश्मन हैं दोनों

आपको बता दें कि हिना खान और शिल्पा शिंदे का यह झगड़ा नया नहीं है। साल 2017 में आए रियलिटी शो ‘बिग बॉस 11’ के दौरान भी इन दोनों के बीच जबरदस्त कैटफाइट देखने को मिली थी। पूरे सीजन में दोनों एक-दूसरे से भिड़ती नजर आई थीं। उस सीजन में दोनों फाइनलिस्ट बनी थीं, जहां हिना खान को पछाड़कर शिल्पा शिंदे ने चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम की थी। शो खत्म होने के बरसों बाद भी दोनों के बीच की कड़वाहट कम होने का नाम नहीं ले रही है।