Natural Glow Tips: महंगे फेशियल को कहें बाय-बाय, किचन की ये सब्जियां देंगी पार्लर जैसा निखार

Newspoint
अक्सर लोगों को लगता है कि चेहरे की चमक बढ़ाने के लिए सिर्फ महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स ही काम आते हैं. ये एक बहुत बड़ी गलतफहमी है. सच तो ये है कि आपकी रसोई में रखी सब्जियों की टोकरी में ही खूबसूरती का खजाना छुपा हुआ है. ये सब्जियां विटामिन और मिनरल्स का ऐसा जरिया हैं जो आपकी स्किन को अंदर से पोषण देती हैं. अगर आप सही तरीके से इनका इस्तेमाल करना सीख जाएं, तो आपकी किचन ही आपकी पर्सनल स्किन केयर लैब बन सकती है.

स्किन के लिए पोषण क्यों है जरूरी

हमारी त्वचा को स्वस्थ रहने के लिए विटामिन ए, सी और ई की बहुत जरूरत होती है. ये तत्व सूरज की किरणों से होने वाले नुकसान से बचाते हैं और चेहरे की रंगत को निखारते हैं. विटामिन सी की कमी से चेहरा बेजान दिखने लगता है और चोट या निशान भरने में समय लगता है. वहीं विटामिन बी की कमी से त्वचा पर लाल चकत्ते हो सकते हैं. ऐसे में सब्जियों का रस सीधे चेहरे पर लगाना एक जादुई असर दिखा सकता है.

टमाटर से हटाए जिद्दी दाग

अगर चेहरे पर टैनिंग, काले घेरे या पिगमेंटेशन की समस्या है, तो टमाटर से बेहतर कुछ नहीं है. इसमें लाइकोपीन और विटामिन सी भरपूर मात्रा में होता है जो स्किन को गहराई से साफ करता है. एक चम्मच टमाटर के रस में थोड़ा सा दही और शहद मिलाकर चेहरे पर लगाएं. ये न सिर्फ गंदगी साफ करेगा बल्कि चेहरे को बेदाग भी बनाएगा.

खुले पोर्स को करें ठीक

बड़े और खुले पोर्स की वजह से चेहरा डल और थका हुआ लगता है. टमाटर इस समस्या का भी हल है. एक टमाटर को बीच से काटकर उसे थोड़ी देर के लिए फ्रिज में रख दें. करीब आधे घंटे बाद इस ठंडे टमाटर से चेहरे की हल्के हाथों से मसाज करें. अगर आपकी स्किन ऑयली है, तो टमाटर पर नींबू की कुछ बूंदें भी डाल सकते हैं. ये नुस्खा पोर्स को टाइट करने में बहुत मदद करता है.

आलू से पाएं गोरी रंगत

आलू का रस स्किन की रंगत निखारने और धूप से जली त्वचा को ठीक करने के लिए बहुत मशहूर है. आप आलू के रस को सीधे चेहरे पर लगा सकते हैं. अगर आप एक अच्छा फेस पैक बनाना चाहते हैं, तो आलू के रस में थोड़ा चावल का आटा, एक चुटकी हल्दी और गुलाब जल मिला लें. इसे 20 मिनट तक चेहरे पर लगा रहने दें और फिर सादे पानी से धो लें. हफ्ते में दो बार ये करने से फर्क साफ दिखेगा.

चुकंदर से आएगा गुलाबी निखार

चुकंदर सेहत के साथ-साथ खूबसूरती के लिए भी लाजवाब है. इसका रस लगाने से चेहरे पर एक नेचुरल गुलाबी चमक आती है. आप इसे दही और बेसन के साथ मिलाकर फेस पैक की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं. इसमें थोड़ा सा नींबू का रस मिलाने से ये और भी ज्यादा असरदार हो जाता है. अगर आपके होंठ फटने की समस्या है, तो नारियल तेल में चुकंदर का रस मिलाकर होममेड लिप बाम भी बना सकते हैं.

खीरे से मिलेगी ठंडक और नमी

गर्मियों के मौसम में खीरा त्वचा के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. ये स्किन को हाइड्रेट रखता है और आंखों की सूजन को कम करता है. अगर आंखों के नीचे काले घेरे हैं, तो खीरे को कद्दूकस करके अपनी पलकों पर रखें. इसके अलावा खीरे के रस को टमाटर के रस के साथ मिलाकर लगाने से चेहरे की थकान दूर होती है और स्किन एकदम ताजी महसूस होती है.

गाजर से आएगा चेहरे पर कसाव

सर्दियों में मिलने वाली गाजर विटामिन ए का भंडार है. ये मुहांसों को कम करने और चेहरे पर कसाव लाने में मदद करती है. गाजर के रस में थोड़ा शहद मिलाकर लगाने से चेहरे की झुर्रियां कम होती हैं. आप गाजर के पेस्ट में बेसन, चंदन पाउडर और दही मिलाकर भी लगा सकते हैं. ये पैक आपकी स्किन को टाइट और चमकदार बनाने में काफी मदद करता है.
Hero Image


Loving Newspoint? Download the app now
Newspoint