क्या आदित्य धर लेकर आएंगे 'धुरंधर 3'? मेकर्स के इशारे से बढ़ी हलचल
भारतीय फिल्म जगत में जब भी स्पाई-थ्रिलर और हाई-ऑक्टेन एक्शन की बात होगी, आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' का नाम सबसे पहले लिया जाएगा। रणवीर सिंह, संजय दत्त, और आर माधवन जैसे दिग्गज सितारों से सजी इस फिल्म ने न केवल दर्शकों का दिल जीता, बल्कि कमाई के मामले में ग्लोबल स्तर पर झंडे गाड़ दिए।
इस फ्रेंचाइजी की सफलता की कहानी इसके अविश्वसनीय आंकड़ों में साफ झलकती है। 'धुरंधर' का पहला भाग पिछले साल 5 दिसंबर को रिलीज हुआ था। इस फिल्म ने अपनी शानदार सिनेमैटोग्राफी और सस्पेंस के दम पर वर्ल्डवाइड 1300 करोड़ रुपए की जबरदस्त कमाई की।
सफलता का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। फ्रेंचाइजी का दूसरा हिस्सा 'धुरंधर: द रिवेंज' 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में उतरा। फिल्म ने अपने पहले ही हफ्ते में कई पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए और कुल मिलाकर 1800 करोड़ रुपए का ऐतिहासिक बिजनेस किया। दोनों फिल्मों को मिलाकर इस फ्रेंचाइजी ने भारतीय सिनेमा की झोली में 3100 करोड़ रुपए से अधिक का योगदान दिया है।
क्या बनने जा रही धुरंधर 3
हाल ही में 'बॉलीवुड हंगामा' को दिए एक इंटरव्यू में जियो स्टूडियोज की ज्योति देशपांडे ने फिल्म के भविष्य को लेकर एक बड़ा हिंट दिया है। जब उनसे पूछा गया कि क्या फिल्म की टीम अब आराम कर रही है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, अभी धुरंधर खत्म नहीं हुई है। हम इस साल के आखिरी तक दर्शकों के लिए एक बड़ा सरप्राइज लेकर आ रहे हैं। हमारे पास कुछ बहुत खास है।
इस बयान के बाद इंटरनेट पर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। फैंस सोशल मीडिया पर अपनी-अपनी थ्योरी साझा कर रहे हैं। कुछ फैंस का मानना है कि आदित्य धर फिल्म के निर्माण की प्रक्रिया को एक 'मेकिंग डॉक्यूमेंट्री' के रूप में पेश कर सकते हैं।
जापान में रिलीज की तैयारी
फिल्म की सफलता अब भारत तक सीमित नहीं है। आदित्य धर ने हाल ही में जानकारी दी कि 'धुरंधर' का पहला भाग जल्द ही जापान के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। जापान में 'आरआरआर' और 'बाहुबली' जैसी फिल्मों को मिले प्यार को देखते हुए उम्मीद है कि धुरंधर वहां भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।