फीफा वर्ल्ड कप 2026: मिस्र-ईरान मुकाबला 1-1 से ड्रॉ, मिस्र नॉकआउट में पहुंचा

Newspoint
Newspoint

सिएटल। फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-जी के अंतिम मुकाबले में मिस्र और ईरान के बीच शनिवार को रोमांचक मैच 1-1 से ड्रॉ रहा।

इस परिणाम के साथ मिस्र ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहते हुए नॉकआउट चरण में पहुंच गया, जबकि ईरान की अंतिम-32 में जगह बनाने की उम्मीदें सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली टीमों में शामिल होने पर टिकी हैं।

मुकाबले की शुरुआत बेहद तेज रही। मिस्र ने पांचवें मिनट में महमूद साबेर के गोल से बढ़त बना ली। इसके बाद नौवें मिनट में ईरान को पेनाल्टी मिली, लेकिन मेहदी तारेमी उसे गोल में नहीं बदल सके। मिस्र के गोलकीपर मोस्तफा शुबीर ने शानदार बचाव किया।

Hero Image

हालांकि, ईरान ने केवल पांच मिनट बाद ही वापसी कर ली। मिलाद मोहम्मदी का पहला प्रयास शुबीर ने रोक दिया, लेकिन रीबाउंड पर रामिन रेजाइयान ने 14वें मिनट में गेंद को जाल में पहुंचाकर स्कोर 1-1 कर दिया।

दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने जीत के लिए लगातार प्रयास किए। ईरान को अंतिम मिनटों में कई बेहतरीन मौके मिले। स्टॉपेज टाइम में शोजा खलीलजादेह ने गेंद को गोल में पहुंचा भी दिया और ईरानी खिलाड़ियों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया, लेकिन वीडियो सहायक रेफरी (वीएआर) की समीक्षा में उन्हें ऑफसाइड पाया गया और गोल रद्द कर दिया गया।